भिवानी। हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम-2014 के तहत लोगों को निर्धारित समय के अनुरूप सेवाएं मुहैया कराने को लेकर मुख्यमंत्री ने बुधवार को चंडीगढ़ से आस (ऑटो अपील सॉफ्टवेयर) का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑटो अपील सॉफ्टवेयर लोगों के लिए एक नई आस बनेगी। उन्होंने कहा कि आस सिस्टम को असल रूप में भी लागू करना है। इसके लिए अधिकारी ऑनलाइन सिस्टम के तहत लोगों को तत्परता से सेवाएं प्रदान करें।
वीसी के उपरांत उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अंत्योदय सरल पोर्टल पर राइट टू सर्विस का स्कोर सभी विभागों का 10 में से 10 ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है जब अधिकारी नियमित रूप से लोगों के आवेदनों पर काम करेंगे। उपायुक्त ने कृषि विभाग, मार्केटिंग बोर्ड व कमेटी, भवन निर्माण, श्रम विभाग, नगर योजनाकार, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, स्थानीय शहरी निकाय, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, समाज कल्याण, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग, खाद्य एवं पूर्ति विभाग, बिजली निगम और कल्याण विभाग अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उनके विभाग सीधे रूप से आमजन से जुड़े हैं, ऐसे में वे सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम-2014 के तहत निर्धारित समय में लोगों के काम करें। इस दौरान विभागों के अधिकारी मौजूद थे।