भिवानी। पिछले डेढ़ दशक से आबाद हुए तोशाम बाईपास क्षेत्र की कॉलोनी में अभी तक न पक्की सड़क है न पीने को पानी। मंगलवार को तोशाम बाईपास गरिमा गार्डन क्षेत्र की महिलाएं मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर लघु सचिवालय पहुंची। महिलाओं ने नारेबाजी कर रोष जताया और डीसी को मांग पत्र भी सौंपा।
लघु सचिवालय परिसर के बाहर पहुंची तोशाम बाईपास क्षेत्रवासी मुन्नी देवी, अंजू, रजनी, श्यामलाल, ओमप्रकाश, सत्यनारायण, नीलम, रामअवतार सिंह, महावीर सिंह, उर्मिला, सुरेश कुमार, भंवर सिंह, बाबूलाल ने बताया कि वार्ड नंबर 17 के पूर्ण खेड़ा कॉलोनी डाबर कॉलोनी गरिमा गार्डन के पास अभी तक पीने के पानी की लाइन नहीं डाली गई है। यहां पर 500 घरों में करीब ढाई हजार लोगों की आबादी रह रही है। यहां पर कुछ हिस्से में अभी तक गली को भी पक्का नहीं किया गया है। यहां पर सीवर लाइन डाली जा चुकी है। उनका कहना है कि जमीन का पानी पीने लायक नहीं हैं, जबकि पेयजल सप्लाई न होने की वजह से उन्हें खरीदकर पानी पीना पड़ता है। पीने के पानी के लिए भी उन्हें दूर दराज भटकना पड़ता है, जबकि गर्मी के मौसम में पानी के टैंकर भी काफी महंगे मिलते हैं। उनके बजट में खरीदकर पानी पीना नहीं समा रहा है। महिलाओं ने लघु सचिवालय के बाहर मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर नारेबाजी की और इस संबंध में मांग पत्र भी उपायुक्त को सौंपा। महिलाओं का कहना था कि करीब डेढ़ दशक से यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक मुहैया नहीं कराई गई हैं, जबकि ये दायरा शहरी वार्डबंदी में आता है।