{"_id":"6548f05a23bfbcfae5046287","slug":"man-shot-dead-on-suspicion-of-liquor-smuggling-in-ghanghala-village-of-bhiwani-2023-11-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bhiwani: घंघाला गांव के समीप शराब तस्करी के शक में गोली मारकर की व्यक्ति की हत्या, मृतक पर दर्ज थे 28 केस","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Bhiwani: घंघाला गांव के समीप शराब तस्करी के शक में गोली मारकर की व्यक्ति की हत्या, मृतक पर दर्ज थे 28 केस
Mon, 06 Nov 2023 07:25 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 06 Nov 2023 07:25 PM IST
सार
मृतक पर 28 से अधिक के दर्ज हैं। इसमें हत्या, डकैती, शराब तस्करी सहित आपराधिक केस हैं। दो गाड़ियों में सवार होकर आए हत्यारों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। मौके पर पुलिस को गोलियों के खोल और डंडे बरामद हुए हैं।
विज्ञापन
मृतक का फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के भिवानी के सिवानी क्षेत्र के गांव घंघाला के समीप सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे गांव बिधवान निवासी हिस्ट्रीशीटर व शराब तस्कर जयकुमार उर्फ बहादुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बोलेरो कैंपर गाड़ी में सवार होकर जा रहे हिस्ट्रीशीटर पर गैंगवार के चलते दो गाड़ियों में सवार होकर आए 10 से 12 हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इससे हिस्ट्रीशीटर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं वारदात के बाद आरोपी मौके से डंडे छोड़कर भाग गए।
विज्ञापन
वारदात की सूचना पर सिवानी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। शव का मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं मृतक के शरीर पर 10 से 12 गोलियों के निशान मिले हैं।
विज्ञापन
गांव बिधवान निवासी मोनू ने बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव के ही 33 वर्षीय जयकुमार उर्फ बहादुर और एक अन्य व्यक्ति के साथ बोलेरो कैंपर गाड़ी में सवार होकर सिवानी से गांव बिधनवान आ रहा था। गाड़ी जयकुमार चला रहा था। जब वे गांव घंघाला और बुधशैली के बीच पहुंचे तो इस दौरान दो गाड़ियों में दस से 12 लोग सवार होकर पहुंचे और उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। जिसके बाद चालक सीट पर बैठे जयकुमार उर्फ बहादुर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गाेलियां बरसा दी। जिसकी वजह से जयकुमार ने चालक सीट पर बैठे-बैठे ही दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
वहीं मोनू व अन्य व्यक्ति ने भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस को काफी खोल भी मौके से बरामद हुए हैं। वहीं, आरोपी डंडे भी वहीं पर छोड़कर भाग गए। डीएसपी सिवानी जयभगवान, सिवानी पुलिस थाना एसएचओ सुखबीर जाखड़, झुप्पा चौकी इंचार्ज निकेश कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल व डंडे भी बरामद किए।
मिट्ठी और कालिया गैंग की रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
वारदात से पहले जयकुमार को सिवानी पुलिस थाना में उसके खिलाफ दी गई एक शिकायत पर बुलाया गया था। पुलिस थाना से अपनी गाड़ी से वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान मिट्ठी गैंग पर गैंगवार के चलते उस पर गोली चलाए जाने का शक है। फिलहाल पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों ने बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। बता दें कि कालिया और मिट्ठी गैंग के बीच काफी अर्से से गैंगवार चल रही है। मृतक जयकुमार कालिया गैंग से था और हत्यारे मिट्ठी गैंग से ताल्लुक रखते बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस गैंगवार की पुष्टि नहीं कर रही है।
एक माह पहले भौंडसी जेल से आया था जमानत पर बाहर
जयकुमार के खिलाफ करीब 28 से अधिक आपराधिक केस दर्ज थे, जिसमें हत्या, डकैती, शराब तस्करी, हत्या प्रयास सहित विभिन्न आपराधिक केस शामिल हैं। जयकुमार पुलिस का वांटेड अपराधी भी रहा है। जिसमें उसकी गिरफ्तारी हो चुकी थी। करीब एक माह पहले ही भौंडसी जेल से पैर का ऑपरेशन कराने के लिए जयकुमार जमानत पर बाहर आया था। जयकुमार के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी एक बहन है जो शादीशुदा है। जयकुमार दो बच्चों का पिता था, उसका एक लड़का और एक लड़की है।
जयकुमार पुलिस का हिस्ट्रीशीटर रहा है। जिसके खिलाफ पुलिस में काफी आपराधिक केस दर्ज हैं। फिलहाल गैंगवार की कोई बात सामने नहीं आई है। पुरानी रंजिश की वजह से हत्या की गई है। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस इस मामले में तत्परता से कार्रवाई कर रही है। -जयभगवान डीएसपी सिवानी।
थाना प्रभारी सुखबीर सिंह जाखड़ ने बताया की मृतक के चाचा अजीत की शिकायत पर गांव के ही विकास, सुमित, मोलड, ईशरवाल निवासी मोहित, रोड़ा निवासी विकास, नरेश सहित करीब 8-10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।