भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर गांव कलिंगा मोड़ के समीप वीरवार शाम करीब छह बजे कृषि यंत्र जोड़कर जा रहे ट्रैक्टर के साथ बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दंपती और आठ साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वहीं, खरक कलां पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिगस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
पुलिस के अनुसार, पीपलीवाली जोहड़ी क्षेत्र निवासी सोनू (32) अपनी पत्नी सुशीला (8)और बेटे कार्तिक (8) के साथ गोहाना के पास रुखी में अपने मामा के घर गया था। वीरवार को सोनू बाइक पर पत्नी-बेटे के साथ रोहतक अपनी मौसी के घर चला गया। शाम को सभी भिवानी लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर कलिंगा मोड पर सोनू की बाइक की टक्कर से एक ट्रैक्टर से हो गई। हादसे में सोनू व उसकी पत्नी सुशीला के सिर व कार्तिक का एक पैर कट गया। गंभीर हालत में घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस घायलों के बयान दर्ज कराने रोहतक गई है।