{"_id":"0f2bed52a04a36b66ea7183534bf0537","slug":"brother-ripped-off-for-land-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जमीन के लिए भाई को काट डाला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जमीन के लिए भाई को काट डाला
ब्यूरो/अमर उजाला, भिवानी
Updated Wed, 22 Oct 2014 12:15 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बडे़ भाई को छोटे भाई द्वारा उसका बेटा गोद लेने की बजाए दूसरे भाई की बेटी गोद लेना नागवार गुजरा। गुस्साए व्यक्ति ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपने छोटे भाई की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। तेजधार हथियार से शरीर पर अनेक वार किए गए। पुलिस ने भाई की शिकायत पर भाई, भाभी, दो लड़कों व दो-तीन अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवाद जमीन को लेकर हुआ।
विज्ञापन
मामला तोशाम क्षेत्र के गांव देवराला का है। गांव में सतबीर, सत्यवान और संतलाल तीन भाई है। सतबीर को तीन लड़के और सत्यवान को दो लड़कियां है। तीसरा भाई संतलाल अविवाहित है। तीन भाइयों के अलावा तीन बहने व मां है। सबके नाम साढे़ आठ किले जमीन है।
विज्ञापन
संतलाल ने अविवाहित होने के चलते 17 अक्तूबर को अपने बडे़ भाई सत्यवान की बेटी तनुजा को गोद ले लिया और उसकी पढ़ाई व शादी का खर्च स्वयं उठाने का आश्वासन अपने भाई को दिया। इस बात से उसका बड़ा भाई सतबीर नाराज हो गया। सतबीर ने संतलाल को उसका कोई एक लड़का गोद लेने की बात कही मगर उसने इंकार करते हुए दूसरे भाई की बेटी को ही गोद लिया।
विज्ञापन
भाई की जमीन पर थी नजर
इसी बात से सतबीर नाराज था। दूसरे भाई सत्यवान ने बताया कि सतबीर की नजर दरअसल संतलाल के हिस्से आने वाले करीब एक किले जमीन पर थी। इसी कारण उसने रात करीब एक बजे परिवार के लोगों व कुछ बाहरी लोगों के साथ मिलकर तेजधार हथियार से संतलाल पर हमला कर दिया। संतलाल के सिर, पांव, छाती पर तेजधार हथियार से अनेक वार किए। सत्यवान ने बताया कि सतवीर ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर तोशाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची। तोशाम थाना प्रभारी देशराज दहिया ने बताया कि सत्यवान की शिकायत पर सतबीर, उसकी पत्नी राजबाला, दो बेटों हरीश व मनोज, दो-तीन अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हत्या की सूचना पर उमडे़ ग्रामीण
जैसे ही सुबह गांव में भाई द्वारा भाई की हत्या करने की सूचना फैली ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। भारी संख्या में ग्रामीण मकान के बाहर खडे़ थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने तक लोगों की भीड़ जमा रही। संतलाल धार्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था और अक्सर सत्संग में रहता था। गांव में मिलनसार व्यवहार के कारण लोगों को उसकी मौत का दुख है। सभी कह रहे है कि महज एक किले जमीन के लिए भाई ने भाई की हत्या कर दी। खुद का भी हंसता-खेलता परिवार उजाड़ लिया। अब वह जमीन क्या काम आएगी।