बवानीखेड़ा। हरियाणा राज्य मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मिलकपुर निवासी 89 वर्षीय गोवर्धन यादव ने हैमर थ्रो स्पर्धा में 9.75 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीतते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनके इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है और हौसला, अनुशासन तथा फिटनेस के दम पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय हिसार के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में 30 वर्ष से लेकर 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इतने व्यापक आयु वर्ग के बीच गोवर्धन यादव का यह प्रदर्शन न केवल सराहनीय रहा बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बना। इस सफलता का श्रेय उनके पौत्र डॉ. सचिन यादव फिजियोथेरेपिस्ट को दिया जा रहा है जिन्होंने नियमित फिजियोथेरेपी, व्यायाम प्रशिक्षण, स्ट्रेंथ और बैलेंस ट्रेनिंग के माध्यम से उन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार किया। डॉ. सचिन यादव ने वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीकों से उनका प्रशिक्षण कराया। गोवर्धन यादव ने अपनी जीत का श्रेय नियमित व्यायाम, सही मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। वहीं डॉ. सचिन यादव ने कहा कि उम्र-अनुकूल फिजियोथेरेपी और सुरक्षित प्रशिक्षण के जरिए बुजुर्ग भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।