अंबाला सिटी। जीएमएन कॉलेज में तीज पर्व पारंपरिक और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा जिसमें छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। मेहंदी की सुंदर डिजाइन ने नारी सृजनात्मकता और पारंपरिक सौंदर्य को दर्शाया। मेहंदी प्रतियोगिता भी करवाई गई जिसमें बीसीए द्वितीय वर्ष से यशवी प्रथम, बीबीए द्वितीय वर्ष से मनीषा द्वितीय और बीएएमसी तृतीय वर्ष से मानवी ने तृतीय, अलीशा, शगुन, नीतिका, दीक्षा व हर्षदीप ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन कॉलेज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और विद्यार्थियों को हमारी समृद्ध परंपराओं से जोड़ते हैं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. चंद्रपाल पूनिया ने बताया कि मेहंदी भारतीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जो नारी सौंदर्य और सृजनात्मकता का प्रतीक है। इस दौरान सभी ने पारंपरिक परिधान पहनकर तीज पर्व की गरिमा को और भी बढ़ाया।