अंबाला सिटी। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया है। बारिश से सिटी के विभिन्न कॉलोनियों और सेक्टरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। सिटी की सड़कों का एकबार फिर बुरा हाल हो गया है। सिटी सेक्टरों व अन्य कालोनियों के पार्कों में बरसाती पानी जमा हो चुका है। वहीं झमाझम बारिश के कारण ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं दिनभर में 36 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पिछले दस वर्षों के बाद जनवरी में इतनी अधिक बारिश देखी जा रही है। वहीं बारिश का यह क्रम सोमवार को भी जारी रहने का अनुमान है।
रविवार को दिनभर हुई बारिश के कारण सिटी के सेक्टर आठ, नौ, दस और बंद फाटक को जाने वाली रोड, सिटी कपड़ा मार्केट रोड, मेहरा वाला चौक, नाहन हाउस, नदी मोहल्ला, न्यू शिवालिक कालोनी, विकास विहार आदि क्षेत्रों की सड़कों पर जलभराव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं सिटी के इंकों से सेक्टर नौ को जाने वाले रास्ते के बीच रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे भी जलभराव हुआ है, जहां से निकलने में वाहन चालकों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। जनवरी में कई वर्षों के आकलन के बाद पहली बार ज्यादा मात्रा में बारिश हुई है। बीते तीन दिनों में करीब 40 एमएम बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम विभाग की माने तो न्यूनतम तापमान में अगले दिनों में काफी गिरावट देखी जा सकती है।