मानव चौक से अंबाला शहर रेलवे स्टेशन तक फाटक संख्या-126 पर चार करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से बने अंडर ब्रिज का मंगलवार को उद्घाटन हुआ। इससे पहले शहर दो हिस्सों में बंटा हुआ था। लोगों को मानव चौक से अंबाला शहर रेलवे स्टेशन और कपड़ा मार्केट में आने-जाने के लिए काफी लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, लेकिन अब इस अंडर ब्रिज के बनने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी, वह सुगमता से आ जा सकेंगे। इसका उद्घाटन अंबाला शहर विधायक असीम गोयल ने किया।
उन्होंने कहा कि यह शहरवासियों की वर्षों पुरानी मांग है, जो पूरी हुई। जब से रेलवे अपनी सेवाएं दे रही है, तब से यहां पर रेलवे अंडर ब्रिज बनाए जाने की लोगों की मांग थी, जो अब साकार हुई है। उन्होंने कहा कि अंडर ब्रिज के निर्माण से संबंधित कुछ निर्माण कार्य शेष हैं, उन्हें भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि अंडर ब्रिज को जल्द से जल्द खोलने के लिए दुकानदारों व स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार मांग उठाई जा रही थी। इस कारण फिलहाल इसे सुचारु कर दिया गया है। इससे पहले स्थानीय दुकानदारों ने विधायक का स्वागत किया। इस मौके पर विशाल बत्तरा, मोहन गोयल, हरीश आहुजा, डीपी बक्शी, नितिन अग्रवाल, पुनीत जिन्दल, हरीश, सुनिल जिन्दल, रजनीश भल्ला, अर्चना छिब्बर, अमन सूद, हितैष जैन, संजीव गोयल टोनी, रितेश गोयल, गुरविन्द्र सिंह के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।