बराड़ा। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 का खंड स्तरीय कैंपेन सेमिनार करवाया गया। जिसमें खंड के कुल 48 विद्यालयों ने भागीदारी की। सेमिनार में करीब 350 विद्यार्थियों और शिक्षक ने हिस्सा लिया। जिनमें प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 8 वीं और 10 वीं के तीन-तीन विद्यार्थी सम्मिलित हुए। साथ ही सभी विद्यालयों से एक-एक टीजीटी शिक्षक भी उपस्थित रहे। सेमिनार के दौरान जिला विज्ञान विशेषज्ञ विवेक मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 की पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों तथा कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
मिशन बुनियाद की परीक्षा 24 दिसंबर को आयोजित होगी। हरियाणा सुपर-100 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 फरवरी है। इसके साथ ही परीक्षा 11 फरवरी को निर्धारित की गई। दोनों कार्यक्रमों में उन्हीं विद्यार्थियों के पंजीकरण पर जोर दिया गया, जो 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर उप मंडल अधिकारी बराड़ा सतिंद्र सिवाच, जिला विज्ञान विशेषज्ञ विवेक मिश्रा और प्रधानाचार्य मंजू ने सभी विद्यालयों, एबीआरसी, बीआरपी को यह निर्देश दिए कि सभी खंड से 100 प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।