{"_id":"6570d1e35a28213eb201dbc5","slug":"lawyers-appeal-to-home-minister-dont-add-two-police-stations-to-dabwali-court-ambala-news-c-36-1-amb1001-14835-2023-12-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ambala: सिरसा के वकीलों ने गृहमंत्री विज से लगाई गुहार, डबवाली कोर्ट से न जोड़ें ये दो थाने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ambala: सिरसा के वकीलों ने गृहमंत्री विज से लगाई गुहार, डबवाली कोर्ट से न जोड़ें ये दो थाने
Thu, 07 Dec 2023 11:13 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला (हरियाणा)
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 07 Dec 2023 11:13 AM IST
सार
वकीलों का कहना था कि सिरसा में बड़ागुढ़ा और रोड़ी पुलिस थाना को डबवाली कोर्ट से जोड़ना सही नहीं हैं। इससे दोनों थाना क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को नुकसान और परेशानी होगी।
विज्ञापन
हरियाणा के गृहमंत्री से गुहार लगाते सिरसा से आए वकील। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अंबाला में सिरसा से आए वकीलों ने दो थानों को डबवाली कोर्ट से नहीं जोड़ने की लगाई गुहार हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज से लगाई। इस पर मंत्री ने गृह विभाग के एसीएस और डीजीपी को मामले में जांच के निर्देश दिए। बुधवार को गृहमंत्री अपने आवास पर प्रदेश के कोने-कोने से आए लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इस दौरान सिरसा बार एसोसिएशन से सैकड़ों वकीलों का दल गृह मंत्री से मिला।
विज्ञापन
वकीलों का कहना था कि सिरसा में बड़ागुढ़ा और रोड़ी पुलिस थाना को डबवाली कोर्ट से जोड़ना सही नहीं हैं। इससे दोनों थाना क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को नुकसान और परेशानी होगी। वकीलों को भी केस की पैरवी के लिए सिरसा से कई किलोमीटर दूर डबवाली जाना पड़ेगा।
विज्ञापन
गृहमंत्री ने वकीलों को मामले में सही कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसी प्रकार सोनीपत से आई स्टाफ नर्स ने उसके साथ हुई मारपीट मामले में कार्रवाई न होने की शिकायत की। उसका आरोप था कि उलटा हमला करने वाले उसे धमका रहे हैं। गृह मंत्री ने सोनीपत पुलिस कमिश्नर को एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए।
विज्ञापन
आत्महत्या की जांच एडीजीपी की एसआईटी को
पानीपत से आए व्यक्ति ने शिकायत देते हुए बताया कि उसकी बहन के विवाह के बाद ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया था। इसी विवाद के चलते उनके पिता ने आत्महत्या कर ली थी, उनके पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसके आधार पर जीआरपी ने केस तो दर्ज किया, मगर कार्रवाई नहीं की। उनकी मांग थी कि आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
गृह मंत्री ने मामले में जीआरपी के एडीजीपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार रोहतक से आई महिला डाक्टर ने अंबाला में उसके पति पर प्रताड़ित करने एवं झूठे केस में फंसाने के आरोप,करनाल से आए व्यक्ति ने उसपर फर्जी मारपीट का केस दर्ज होने की शिकायत, सोनीपत से आए युवक ने चैक बाउंस का फर्जी केस पर मामला दर्ज होने की शिकायत, पानीपत से आए व्यक्ति ने प्रापर्टी डीलर पर जमीनी धोखाधड़ी का आरोप और यमुनानगर से आई युवती ने उसके साथ घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप लगाए। सभी मामलों पर गृह मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कूडो मार्शल आर्ट प्रतिभागी टीम को दिए 31 हजार रुपये
गृह मंत्री ने सूरत में राष्ट्रीय कूडो मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में कई पदक जीतने वाले हरियाणा के खिलाडियों को प्रोत्साहन स्वरूप अपने स्वैच्छिक कोष से 31 हजार रुपए प्रदान किए। कूडो टीम के अध्यक्ष हेमंत शर्मा व टीम कोच राजिंदर सिंह के साथ खिलाड़ी और उनके अभिभावकों ने बुधवार को गृह मंत्री अनिल विज से मुलाकात की थी। मंत्री विज ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।