पार्षद के घर पर बरसाए पत्थर, डंडे और ईंटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सैन्य क्षेत्र के तोपखाना बाजार में शुक्रवार की देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला (सीबीए) के पूर्व वाइस प्रेजीडेंट व मौजूदा पार्षद वीरेंद्र गांधी के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान पार्षद और उसके साथ लगता उसके भाई के परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह से दहशत में आ गए। ये हमला उस वक्त किया गया, जब दोनों परिवारों के परिजन देर रात सोने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उत्पातियों ने घर पर जबरदस्त ढंग से ईंटें और पत्थर बरसाए और डंडों व अन्य हथियारों से घर में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं इन आरोपियों ने डंडों से बाहर खड़ी कार को भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।
उत्पातियों की इस हरकत ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। इस पत्थर व ईंटबाजी में पार्षद वीरेंद्र गांधी की एक पुत्रवधू को भी चोट आई और वे घायल हो गई। काफी देर तक तोड़फोड़ करने के बाद उत्पाती परिजनों को देख लेने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए, लेकिन इस दौरान यह वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि उत्पातियों ने सीसीटीवी कैमरे को तो डंडा मारकर उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पार्षद के परिवार ने मामले की शिकायत तोपखाना पुलिस चौकी में कर दी है और पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शराब माफिया ने करवाया हमला
वीरेंद्र गांधी ने बताया कि उनके परिवार पर ये हमला इलाके के शराब माफिया ने करवाया है। उन्होंने बताया कि गत दिवस उनका भतीजा बाइक पर दो छोटी बच्चियों को लेकर जा रहा था। तभी उसकी हल्की सी टक्कर एक बाइक सवार युवकों से हुई, जो शराब माफिया से जुड़े थे। उनके अनुसार उन्होंने उसके भतीजे को धमकी दी। इसकी शिकायत करने वे लोग तोपखाना पुलिस चौकी पहुंच गए। शिकायत करने के बाद सभी लोग घर वापस आ गए और देर रात सोने की तैयारी करने लगे। अचानक तभी घर पर ईंटे व पत्थर बरसने और लाठियों से दरवाजे व खिड़कियों को पीटने की आवाजें सुनाई देने लगीं।
उन्होंने जब घर से बाहर झांककर देखा तो कई युवक उनके घरों को घेरकर पूरी तरह से उत्पात मचा रहे थे। वे लोग लगातार ईंट व पत्थर अंदर बरसा रहे थे और लाठी व अन्य हथियारों से उनके दरवाजे व खिड़कियां और गेट को पीट रहे थे। ये देखकर उनका पूरा परिवार सहम गया और इसी पत्थरावबाजी में उनकी पुत्रवधू को भी चोट आई। उन्होंने इसकी सूचना इलाका पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही उत्पाती युवक वहां से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि उत्पातियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की है और उनकी ये करतूत बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज में कैद हो गई है, जिसे उन्होंने पुलिस को शिकायत के साथ दे दिया है।
इस मामले में लिखित शिकायत आ गई है। उनके अनुसार शिकायत में पांच युवकों के नाम सहित व पंद्रह से बीस अज्ञात उत्पातियों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस इस घटना को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। आरोपियों की धरपकड़ शुरू हो चुकी है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
-जोराजीत सिंह, तोपखाना चौकी प्रभारी
इस मामले में तोपखाना पुलिस चौकी प्रभारी से रिपोर्ट मांगी है और उन्हें जल्द केस दर्ज कर उत्पातियों को काबू करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इस तरह की गुंडागर्दी तो इलाके में कतई बरदाश्त नहीं की जाएगी।
-अजीत, थाना प्रभारी, अंबाला कैंट पुलिस
एडीजीपी से मांग जल्द काबू किए जाएं उत्पाती
कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व पार्षदों ने एडीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा से मांग की है कि वे जल्द से जल्द इस मामले में उत्पातियों की गिरफ्तारी करवाएं। पूर्व पार्षद उमेश बिट्टू, सिम्मी साहनी, गगन डांग व ओंकार नाथ परूथी का कहना है कि जब कैंटोनमेंट बोर्ड का पार्षद ही अपने इलाके में असुरक्षित महसूस कर रहा है तो आम जनता का क्या हाल होगा। उनके अनुसार बदमाश व गुंडा तत्वों की हिम्मत इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि उन्हें पुलिस का भी खौफ नहीं रहा।