अंबाला: दिनदहाड़े कांस्टेबल के साथ लूट, चाकू से किया हमला; गुरुग्राम से प्रोडक्शन वारंट देने आया था सिपाही
गुरुग्राम से समन देने के लिए अंबाला सेंट्रल जेल जा रहे एक पुलिस कांस्टेबल मुकेश कुमार पर चार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने लूटपाट की मंशा से पुलिसकर्मी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मोबाइल फोन व पर्स छीनकर मौके से भाग गए।
विस्तार
दिनदहाड़े कांस्टेबल पर चाकू से हमला
डीएसपी के अनुसार, कांस्टेबल मुकेश कुमार वर्तमान में गुरुग्राम पुलिस में तैनात हैं। वह अंबाला सेंट्रल जेल में चोरी के आरोप में बंद इमरान के मामले में प्रोडक्शन वारंट रिसीव कराने के लिए आए थे। शुरुआती जांच के मुताबिक, जब कांस्टेबल दोपहर करीब ढाई बजे अंबाला सिटी के बलदेव नगर इलाके में ऑटो से उतरे और पैदल ही अपने गंतव्य की ओर कुछ दूरी पर आगे बढ़े, तभी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
इससे पहले कि सिपाही मुकेश कुछ समझ पाते या अपना बचाव कर पाते, बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। चाकू लगने से वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर सिपाही का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान छीनकर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए।
लोगों ने डायल 112 को दी सूचना
सिपाही ने बताया कि उनके पर्स में 1500 रुपये रखे थे और वह उन्हें देने को तैयार थे, फिर भी हमलावरों ने उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को बुलाया। पुलिस टीम के आने के बाद घायल कांस्टेबल को अंबाला शहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, मुकेश को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिसकर्मी पर हुए हमले की सूचना के बाद डीएसपी जगबीर व थाना प्रभारी सुनीता ढाका अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आला अधिकारियों के निर्देश पर बलदेव नगर और आसपास के पुलिस थानों की टीमें हरकत में आ गईं। पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास का इलाका सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है।डीएसपी जगबीर ने बताया कि वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा रहा है।