फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ambala News ›   Accused caught stealing cooker from utensils warehouse

Ambala News: बर्तनों के गोदाम से कुकर चोरी करते आरोपी को पकड़ा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 08 Oct 2026 02:27 AM IST
विज्ञापन
Accused caught stealing cooker from utensils warehouse
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

अंबाला। मोची मंडी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को एक युवक ने एक बर्तनों के गोदाम से 8 कुकर चोरी कर लिए। हालांकि गोदाम के कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोर को मौके पर ही काबू कर लिया गया। पकड़ा गया आरोपी पड़ाव थाना क्षेत्र की बाजीगर कॉलोनी का निवासी विक्रम है। उसके कब्जे से 2 कुकर बरामद कर लिए गए हैं। थाना सदर अंबाला कैंट पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी विक्रम के खिलाफ चोरी की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर बाकी बचे 6 कुकरों की बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
पैसे न देने पर सब्जी विक्रेता पर लोहे के स्टैंड से हमला
अंबाला। काली बाड़ी चौक सब्जी मंडी में पैसे देने से इनकार करने पर एक फल विक्रेता ने सब्जी विक्रेता पर लोहे के स्टैंड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज नांदरा अस्पताल में चल रहा है। कच्चा बाजार निवासी संजय 4 अक्टूबर की रात अपनी सब्जी की रेहड़ी बंद कर रहा था। तभी नशे में धुत कालू उर्फ चोटाला वहां पहुंचा और रंगदारी मांगने लगा। मना करने पर आरोपी ने लोहे के स्टैंड से संजय के सिर और पेट पर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। अन्य रेहड़ी चालकों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया। नागरिक अस्पताल से मिली डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर थाना कैंट पुलिस ने आरोपी कालू के खिलाफ स्वेच्छा से चोट पहुंचाना 115(2) व आपराधिक धमकी देने की धारा 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
विज्ञापन


स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
अंबाला। एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने सुभाष पार्क के पास नाकाबंदी के दौरान नशीले पदार्थों के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 13 ग्राम स्मैक/हेरोइन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सैन माजरा गांव निवासी गुरपाल सिंह उर्फ नितिन एक्टिवा पर नशीला पदार्थ लेकर सुभाष पार्क के पास से जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया। आबकारी विभाग के एईटीओ अशोक कुमार दलाल की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। इसमें उसकी जेब से स्मैक, 400 रुपये और मोबाइल फोन मिला। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने यह स्मैक राम किशन कॉलोनी के अमन कुमार से खरीदी थी। थाना अंबाला कैंट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया गया ताकि नशीला पदार्थ की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को पकड़ा जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन


एनआरआई के सूने मकान से लाखों का सामान चोरी
अंबाला सिटी। बादशाही बाग कालोनी में एक एनआरआई के सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये का घरेलू सामान पार कर दिया। वारदात का पता 5 अक्तूबर को तब चला जब मकान की देखभाल कर रहे रिश्तेदार वहां पहुंचे। स्पाटु रोड निवासी सुनील कुमार ने पुलिस चौकी नंबर 5 में दी शिकायत में बताया कि उनके रिश्तेदार प्रदीप कुमार परिवार सहित अमेरिका में रहते हैं। वे उनके बादशाही बाग स्थित मकान की देखरेख करते हैं। 5 अक्तूबर को जब वे मकान पर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। चोर अंदर रखी पानी की मोटर, वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन, फ्रिज का कम्प्रैशर, इन्वर्टर-बैटरी व अलमारी से कीमती सामान चोरी कर ले गए। जांच अधिकारी उप-निरीक्षक जरनैल सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी 305 व सेंधमारी की धारा 331(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मौके पर सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।

लापरवाह ट्रैक्टर चालक ने बाइक में मारी टक्कर, दो युवक घायल
अंबाला सिटी। माजरी गांव के पास खेतों के कच्चे रास्ते से अचानक तेज रफ्तार में आए ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में टंगौर गांव निवासी हर्षवर्धन और जतिन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को दी शिकायत में हर्षवर्धन ने बताया कि 4 अक्तूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वे डी-मार्ट ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी बिना हॉर्न दिए आए महिंद्रा ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायलों को सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से गंभीर हालत के चलते जतिन को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि अज्ञात चालक पर सार्वजनिक मार्ग पर तेजी या लापरवाही से वाहन चलाना 281 व दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालकर गंभीर चोट पहुंचाने की धारा 125-बी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निर्माणाधीन मकान से बिजली की तारें व ड्रिल मशीन चोरी
अंबाला सिटी। बलदेव नगर थाना क्षेत्र के कांशी नगर में अज्ञात चोरों ने एक निर्माणाधीन दो मंजिला मकान को निशाना बनाते हुए बिजली की तारें और ड्रिल मशीन चोरी कर ली। मॉडल टाउन पुलिस चौकी में दी शिकायत में प्रेम नगर निवासी अरुण कुमार ने बताया कि कांशी नगर स्थित उनके मकान में फिनिशिंग का काम चल रहा था। 1 अक्तूबर को जब वह मकान पर पहुंचे तो देखा कि बिजली के बोर्ड नीचे गिरे थे, वायरिंग कटी हुई थी और 10-12 तारों के बंडल व ड्रिल मशीन गायब थी। चौकी इंचार्ज एसआई धर्मपाल ने बताया कि चोरी की धारा 305 व सेंधमारी 331(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है

कसेरला कलां में ट्यूबवेल के केबल-स्टार्टर चुराते पकड़ा युवक
बराड़ा। कसेरला कलां गांव में खेतों से ट्यूबवेल के ऑटोमैटिक स्टार्टर, ग्रिप और 3-फेस केबल चुरा रहे गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों ने रंगे हाथ काबू कर लिया। जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान मंगलई गांव निवासी आरोपी अंकुश के रूप में हुई है।किसान सुभाष चंद ने बताया कि 4/5 अक्तूबर की रात खेतों में चोरी हुई थी। संदिग्ध हलचल दिखने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अंकुश और उसके साथियों के खिलाफ चोरी से संबंधित धारा 303 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोलर शॉप के ताले तोड़कर 21 बैटरियां व इन्वर्टर चोरी
नारायणगढ़। कस्बे में स्वामी सत्संग भवन के पास स्थित बाला जी सोलर दुकान के ताले तोड़कर चोर लाखों का सामान ले उड़े। चोरों ने दुकान से 21 नई-पुरानी बैटरियां, दो इन्वर्टर और एक गैस सिलिंडर पार कर दिया। आजमपुर निवासी पीड़ित दुकानदार बलविंदर सिंह ने बताया कि वह 5 अक्तूबर की शाम दुकान का ताला लगाकर घर गए थे। अगले दिन सुबह पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी व सेंधमारी की धारा 305 / 331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले के जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।


कटर से किया जानलेवा हमला, दो भाई घायल
नारायणगढ़। बधौली गांव में कूरियर कंपनी का बैग टांगे एक बेकाबू बाइक सवार ने मामूली विवाद में दो सगे भाइयों पर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सुरेंद्र और उनका छोटा भाई किरणपाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। सुरेंद्र के अनुसार, सोमवार शाम तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से बचने पर जब उन्होंने चालक को टोका, तो उसने बहस शुरू कर दी। आरोपी ने कटर निकालकर सुरेंद्र के पेट व माथे पर वार कर दिए। बचाव में आए किरणपाल पर भी आरोपी ने कटर से कई हमले किए। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस को सौंपा। थाना नारायणगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 110, स्वेच्छा से खतरनाक हथियारों/साधनों से गंभीर चोट पहुंचाना 118(1) और आपराधिक धमकी देने की धारा 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed