बराड़ा। क्षेत्र से होकर गुजर रहे अंबाला-शामली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव दहिया माजरा के पास पुल की ऊंचाई की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि एनएचएआई इस रोड पर जो पुल बना रहा है, उसकी ऊंचाई काफी कम है। ज्ञापन में कहा गया कि मानक के अनुसार पुल की ऊंचाई 19 फीट होनी चाहिए। जबकि उनके गांव के पास बनाए जा रहे पुल की ऊंचाई केवल 15 फीट है। उन्होंने कहा कि ऊंचाई कम होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो सकती है। गांव के किसानों के खेत भी इस तरफ पड़ते हैं, जिससे यहां कंबाइन इत्यादि निकालने में दिक्कत आ सकती है। यदि यह पुल केवल 15 फीट तक बन जाता है तो आने वाले समय में ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इस पुल के नीचे से ग्रामीण बराड़ा-अधोया व अन्य स्थानों पर आते-जाते हैं। उन्होंने मांग की कि इस पुल की ऊंचाई को बढ़ाया जाए। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि रवि कुमार, दलबीर सिंह, बलजीत नंबरदार, कमल कुमार, विनोद कुमार, कुलबीर, सुखविन्द्र, मीर सिंह, गुरनाम, लाभ सिंह व अन्य उपस्थित रहे।