गोरखपुर: सिर में चोट लगने से हुई थी युवक की मौत, हत्या या हादसा की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को गांव से एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला था, जिसमें घटना से कुछ समय पहले छोटेलाल के साथ एक महिला टहलते नजर आ रही थी। महिला कौन है, इसकी जांच अभी बाकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के डुमरी नंबर दो में दावत में गए 35 वर्षीय छोटेलाल की मौत सिर में चोट लगने से हुई थी। हालांकि, पुलिस हादसा या हत्या के बीच उलझी है। पत्नी ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है, उसने पोस्टमार्टम कराने के लिए ही लिखित सूचना दी थी। पोस्टमार्टम में सिर के दोनों हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उधर, गांव में मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा के डुमरी नंबर दो गांव निवासी छोटेलाल निषाद की शनिवार सुबह खपड़हवा टोले के बाहर सड़क किनारे शराब की दुकान के पास लाश मिली थी। मृतक की पत्नी रीना ने बताया कि शुक्रवार रात 10 बजे वह दावत में जाने की बात कहकर गए थे। लेकिन, पूरी रात लौटे नहीं और सुबह उनकी लाश मिली।
रीना भी शराब की दुकान के सामने नाश्ते की दुकान चलाती हैं, जहां युवक की लाश मिली है। छोटेलाल का नौ वर्षीय बेटा भी है।
घटना स्थल के पास ही झाड़ी में एक कुल्हाड़ी मिली थी। पुलिस एक-एक बिंदु की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर अमित दुबे का कहना है कि मौत कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रही महिला कौन?
पुलिस को गांव से एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला था, जिसमें घटना से कुछ समय पहले छोटेलाल के साथ एक महिला टहलते नजर आ रही थी। महिला कौन है, इसकी जांच अभी बाकी है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है, ताकि साफ हो सके कि महिला से उसकी क्या बात हुई थी और हादसे के बारे में वह कुछ जानती है या नहीं।
अगर हादसा तो शरीर पर रगड़ क्यों नहीं?
आमतौर पर हादसा होने पर व्यक्ति जब गिरता तो कुछ दूर घिसट जाता है या फिर खुद बचने की कोशिश में घसिटता है। दोनों ही दशा में शरीर पर रगड़ होना लाजिमी है, लेकिन पोस्टमार्टम में शरीर पर कोई रगड़ के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में साफ है कि या तो ऐसा हादसा हुआ कि गिरते ही मर गया, जो आमतौर पर संभव नहीं है। क्योंकि, अगर किसी वाहन से चोट आती तो शरीर के दूसरे हिस्से पर चोट लगती। ऐसे में साक्ष्य हत्या की ओर ही इशारा कर रहे हैं।