गोरखपुर: विजयादशमी शोभायात्रा को लेकर आज ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर तीन बजे से इन रास्तों पर वाहनों की नो एंट्री
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर महानगर में 20, 21 और 22 अक्तूबर को यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। तीनों दिन शाम चार बजे से प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों और रोडवेज बसों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
विस्तार
गोरखनाथ मंदिर से 20 अक्तूबर को निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
शोभायात्रा के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए मंगलवार को अपराह्न तीन बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गोरखनाथ मंदिर की तरफ वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव ने बताया कि शोभायात्रा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
इस दौरान विभिन्न चौराहों और तिराहों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
इन स्थानों पर लागू रहेगा डायवर्जन
- धर्मशाला चौराहे से गोरखनाथ मंदिर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन धर्मशाला चौकी से सीधे गंगेज, दुर्गाबाड़ी, सूरजकुंड, ग्रीन सिटी और कौड़ियहवा मोड़ होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- जेपी अस्पताल से गोरखनाथ मंदिर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों के जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इन वाहनों को जेपी अस्पताल गली से दुर्गाबाड़ी होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
- इंडस्ट्रियल एरिया मोड़ से गोरखनाथ मंदिर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन रामनगर तिराहा और नकहा ओवरब्रिज होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- लेबर तिराहे से गोरखनाथ मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। इन वाहनों को सूरजकुंड होते हुए अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
- गोरखनाथ थाने के पीछे तिराहे से मंदिर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन गोरखनाथ थाने के पीछे से होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- गोरखनाथ मंदिर के गेट नंबर-दो से गोरखनाथ थाने की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को जाहिदाबाद तिराहे से अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
- दशहरी बाग तिराहे से गोरखनाथ मंदिर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन कौड़ियहवा मोड़ होते हुए इंडस्ट्रियल मोड़ की ओर जाएंगे और वहां से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- अधियारीबाग तिराहे से रामलीला मैदान की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को रसूलपुर, दशहरी बाग तिराहा और कौड़ियहवा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर तीन दिन बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर महानगर में 20, 21 और 22 अक्तूबर को यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। तीनों दिन शाम चार बजे से प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों और रोडवेज बसों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। ब्यूरो
इन मार्गों से होगा आवागमन
- लखनऊ से आने वाले भारी वाहन सहजनवा बाईपास जीरो पॉइंट से डायवर्ट होकर बाघागाड़ा और रामनगर कड़जहां होते हुए जाएंगे।
- वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और सहजनवा से आने वाले भारी वाहन : बेलीपार थाना क्षेत्र के बाघागाड़ा स्थित फोरलेन से डायवर्ट होकर रामनगर कड़जहां और कालेसर के रास्ते जाएंगे।
- कुशीनगर से आने वाले वाहन कोनी फोरलेन से रामनगर कड़जहां होकर जाएंगे। शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- देवरिया से से आने वाले भारी वाहन : रामनगर कड़जहां फोरलेन और बाघागाड़ा होते हुए जाएंगे। शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
- गोरखपुर बस अड्डे से लखनऊ और वाराणसी जाने वाली रोडवेज बसें : देवरिया बाइपास रोड से सिक्टौर और रामनगर कड़जहां होकर जाएंगी। जरूरत पड़ने पर चारपहिया वाहन भी डायवर्ट होंगे।
- नौसड़ से ट्रांसपोर्टनगर जाने वाली रोडवेज बसें बाघागाड़ा, रामनगर कड़जहां, देवरिया बाइपास और सिक्टौर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
- फरेंदा-सोनौली जाने वाले रोडवेज बस, तेल व गैस टैंकर, दुग्ध और राजकीय वाहन: विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर, चारफाटक ओवरब्रिज, कौवाबाग बाईपास, असुरन, खजांची और स्पोर्ट्स कॉलेज चौराहा होते हुए नकहा ओवरब्रिज से बरगदवा चौराहा होकर जाएंगे।
- फरेंदा और पीपीगंज से गोरखनाथ मंदिर की तरफ आने वाले भारी वाहन : प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें बरगदवा, नकहा ओवरब्रिज, स्पोर्ट्स स्पोर्ट्स कॉलेज, खजांची, असुरन, कौवाबाग, चारफाटक ओवरब्रिज और मोहद्दीपुर होते हुए देवरिया व कुशीनगर की ओर भेजा जाएगा।
- नौसड़ तिराहे से शहर में आने वाले भारी वाहन: 20 और 21 अक्तूबर को विसर्जन समाप्त होने तक प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें बाघागाड़ा और रामनगर कड़जहां होकर जाना होगा।