जाम बेलगाम: गोरखपुर में दिन भर फंसे रहे वाहन, मिनटों का सफर घंटों में हुआ पूरा
एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर की तरफ आने वाली सड़क पूरी तरह से चोक रहती है। सबसे बड़ी बात यह है कि दोपहर में जाम इस कदर लग रहा है कि लोग एक-एक घंटे तक उसमें फंसे जा रहे हैं।
विस्तार
यूं तो गोरखपुर शहर के हर चौराहे पर ही जाम लगता है, लेकिन मोहद्दीपुर का जाम बेलगाम हो गया है। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक इस रोड पर चलना दूभर हो गया है। आलम यह है कि जो सफर मिनटों में पूरा किया जा सकता है, इस रोड से गुजरने वाले घंटों में पूरा कर पाते हैं। जाम की सीधा असर दुकानदारों व लोगों पर पड़ रहा है। जाम की वजह से कोई भी सामान खरीदने को नहीं रुकना चाहता है। एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीजों की जान पर बन आती है।
मोहद्दीपुर में जाम लगना कोई नया नहीं है, लेकिन इस जाम से निपटने के लिए मौजूदा किए गए इंतजाम ने मुश्किल और बढ़ा दी है। पहले थोड़ी देर को जाम लगता भी तो भी वाहन चलते रहते थे ,लेकिन नए इंतजाम में विशेषकर डिवाइडर के कट बंद होने के बाद जाम की समस्या बढ़ गई है। पूरे दिन यहां पर जाम लग रहा है।
एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर की तरफ आने वाली सड़क पूरी तरह से चोक रहती है। सबसे बड़ी बात यह है कि दोपहर में जाम इस कदर लग रहा है कि लोग एक-एक घंटे तक उसमें फंसे जा रहे हैं। उनके वाहनों के पहिये ही आगे नहीं बढ़ रहे हैं। अब इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ने लगा है।
दुकानदार अब यह बात करने लगे है कि हालात यही रहे तो उनकी दुकानदारी ही खत्म हो जाएगी। वहीं जाम में फंसने वाले इस व्यवस्था को कोस रहे है। क्योंकि उन्हें घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
कोढ़ में खाज जैसा है कट बंद किया जाना
किराना दुकानदार संजय के मुताबिक जिन लोगों को सड़क के दूसरे छोर पर जाना होता है उन लोगों के लिए कट बंद किया जाना सबसे बड़ी मुसीबत गई है। जिन लोगों को वाहन दूसरी पटरी पर मोड़कर मोहल्ले में जाना होता है, वह लोग भी मुख्य सड़क पर चल रहे है जिस वजह से गाड़ियों की संख्या बढ़ जाती है और जाम लगता है। पहले ही रेंग-रेंग कर वाहन चल रहे थे, अब तो कोढ़ में खाज जैसी हालत हो गई है। संजय का कहना है कि कुछ ही कट को फिर से खोल दिया जाए तो जाम से थोड़ी राहत जरूर मिल जाएगी।