सात को PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी: 110 किमी की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत, चार ही घंटे में पहुंची लखनऊ
पूर्वाेत्तर रेलवे को मिली पहले वंदे भारत का ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा। मंगलवार को 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाई गई। अफसरों का दावा है कि कहीं भी दिक्कत नहीं आई। सवा चार घंटे में ट्रेन को गंतव्य तक पहुंचना था और वह 17 मिनट पहले ही पहुंच गई।
गोरखपुर स्टेशन से जब ट्रेन रवाना हुई तो यात्री और रेलवे के अधिकारियों के चेहरे पर खुशी के भाव साफ-साफ दिखे। सुबह 6:05 बजे रवाना होने के कुछ देर बाद ट्रेन की स्पीड बढ़ी। थोड़ी देर में उसने 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ ली। ट्रेन समय सीमा से 17 मिनट पहले 10: 03 बजे पर ही लखनऊ पहुंच गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात जुलाई के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले पूर्वोत्तर रेलवे अपनी तैयारियों को पूरा करने में जुट गया है। इसी दिन प्रधानमंत्री मोदी वंदे भारत को हरी झंडी दिखा सकते हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले रेलवे प्रशासन वंदे भारत का ट्रायल भी कर लिया है। ट्रायल के दौरान इलेक्ट्रीशियन, टेक्नीशियन, लोको पायलट, संरक्षा की पूरी टीम वंदे भारत में तैनात रही।
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी के कार्यक्रमों में 800 लोग करेंगे शिरकत, जांच तेज
छह बजकर पांच मिनट पर प्लेटफॉर्म नंबर नौ से वंदे भारत को रवाना किया गया। प्लेटफॉर्म से जैसे ही ट्रेन निकली और कुछ दूर बढ़ी तो डोमिनगढ़ पहुंचते-पहुंचते इसकी रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच पहुंच गई। सहजनवां पहुंचते-पहुंचते ट्रेन की स्पीड 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे हो गई। इसके बाद स्पीड का दायरा लगातार बढ़ता गया और 110 किलोमीटर की रफ्तार से बस्ती स्टेशन पर तीन मिनट पहले छह बजकर 55 मिनट पर पहुंच गई।
समय से पहले पहुंचने के कारण यहां पर पांच मिनट का स्टापेज रहा। सात बजे बस्ती से यह ट्रेन अयोध्या के लिए रवाना हो गई। अयोध्या में समय से तीन मिनट पहले आठ बजकर सात मिनट पर पहुंच गई। सात मिनट के स्टापेज के बाद आठ बजकर 17 मिनट पर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। लखनऊ में भी समय से 17 मिनट पहले 10 बजकर 03 मिनट पर पहुंच गई। वापसी में यही ट्रेन सात बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई है। पूरे सफर के दौरान 110 किलोमीटर की रफ्तार से वंदे भारत का ट्रायल हुआ।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बाढ़ का खतरा सिर पर: नेपाल में बारिश थमने से कुछ राहत, नदियों में कटान की आफत
ट्रायल वाला रूट लगभग फाइनल
बताया जा रहा है कि ट्रायल वाला रूट लगभग फाइनल हो चुका है। इस पर अब केवल रेलवे बोर्ड का मुहर लगना बाकी है। समय की बात करें तो यह ट्रेन सुबह सात बजकर पांच मिनट पर गोरखपुर से रवाना होगी, जो लखनऊ 11 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी। गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। इन स्टेशनों के बीच एक दो स्टापेज और बढ़ाए जाने की तैयारी है, जिसे एक से दो दिनों के अंदर फाइनल कर दिया जाएगा।
प्रस्तावित किराए की बात करें तो एसी चेयर कार क्लास में एक यात्री के लिए 795 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार (ईसी) के लिए 1525 रुपये हो सकता है। हालांकि, अभी रेलवे बोर्ड ने किराए की घोषणा नहीं की है। इस पर भी 48 घंटे के अंदर फैसला हो सकता है।
जीएम ने किया प्लेटफॉर्म का निरीक्षण, एसपीजी ने भी देखी सुरक्षा व्यवस्था
इसे भी पढ़ें: 60 दिन का हिसाब एक दिन में बराबर: दो माह सावन की लंबी पूजा से पहले छककर पेटपूजा, 2 करोड़ का नॉनवेज खा गए शौकीन
इसके अलावा एसपीजी ने भी बन रहे पंडाल की व्यवस्था देखी। आने-जाने वाले रास्तों का गहनता से निरीक्षण किया। आसपास बनी बिल्डिंग को देखकर जानकारी ली। बताया गया कि क्रू लॉबी के पीछे रेलवे के ही कार्यालय हैं। इसके अलावा धर्मशाला से आने वाले रास्तों को पूरी तरह से बंद करने के निर्देश भी दिए गए। एसीपीजी की टीम ने प्लेटफॉर्म पर होने वाली एक-एक गतिविधि की पूरी जानकारी ली।
एक नंबर प्लेटफॉर्म से दिखा सकते हैं हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो बजे प्लेटफाॅर्म नंबर एक के पास बन रहे पंडाल पहुंचने की संभावना है। प्लेटफॉर्म नंबर एक से ही वह वंदे भारत को हरी झंडी दिखा सकते हैं। 20 मिनट के कार्यक्रम के दौरान वह वंदे भारत में यात्रा करने वाली रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद भी कर सकते हैं। इसके लिए बच्चों की लिस्ट भी तैयार की जा रही है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय रेल मंत्री और मुख्यमंत्री भी रह सकते हैं।