DDU: स्पीड-ब्रेकर बनवाने की मांग पर अड़े छात्रों का हंगामा, सड़क जाम की
बुधवार की शाम छात्रावास से निकल रहे एक छात्र को वाहन ने ठोकर मार दी। इससे नाराज होकर छात्रों के हुजूम ने नारेबाजी करते हुए शाम सात बजे छात्रावास के सामने मोहद्दीपुर जाने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रों ने बुधवार देरशाम पुरुष छात्रावास के सामने स्पीड-ब्रेकर बनाए जाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। गोरखपुर विश्वविद्यालय से मोहद्दीपुर जाने वाले मुख्य मार्ग को एक घंटे तक जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ जिला प्रशासन के विरोध में नारे लगाए। छात्रों का कहना है कि स्पीड ब्रेकर न होने की वजह से आए दिन हादसे होते हैं।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की शाम छात्रावास से निकल रहे एक छात्र को वाहन ने ठोकर मार दी। इससे नाराज होकर छात्रों के हुजूम ने नारेबाजी करते हुए शाम सात बजे छात्रावास के सामने मोहद्दीपुर जाने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। छात्रावासी सड़क के दोनों तरफ ब्रेकर बनवाने की मांग पर अड़े रहे। छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पर जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की टीम भी सिटी मजिस्ट्रेट के साथ आई।
प्रशासन ने छात्रों को समझाने के लिए हॉस्टल गेट पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सिटी मजिस्ट्रेट से नोकझोंक भी की। इसके बाद सीओ कैंट को हस्तक्षेप करना पड़ा। सीओ कैंट ने छात्रनेता योगेश प्रताप सिंह की मोबाइल फोन पर एसपी सिटी से बात कराई। उन्होंने फोन पर छात्रों की मांग को मानने का आश्वासन दिया।
इसके बाद तीन सूत्री मांग से संबंधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप कर छात्रों ने धरना समाप्त किया। धरने में मुख्य रूप से छात्र नेता नितेश मिश्र, गौतम यादव, आर्या यादव, करुणेश मणि त्रिपाठी, सत्येंद्र कुमार यादव, शिवम पांडेय, मनीष मणि, आशीष झा आदि मौजूद रहे।
रिजल्ट घोषित नहीं, प्रशासनिक भवन परिसर में प्रदर्शन
बीआरडी पीजी कॉलेज देवरिया के बीएससी एजी के छात्रों ने रिजल्ट घोषित करने की मांग को लेकर बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर में धरना दिया। साथ ही परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव करते हुए नारेबाजी की।
छात्रों का आरोप है कि बीएससी एजी के प्रथम, द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं किया गया है। इसकी वजह से पढ़ाई बाधित है। छात्रों का प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर छात्रों ने छात्र एकता जिंदाबाद और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। इस बीच परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और जल्द ही रिजल्ट घोषित करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद छात्र माने और वापस गए।