UP Election 2022: भाजपा से टिकट पाने के लिए एक हजार दावेदार, दिग्गज नेताओं की रैलियां करा चुकी है पार्टी
क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले- जनता के बीच जाने को तैयार, क्षेत्र की 62 सीटों पर दमदारी से लड़ेंगे चुनाव।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही भाजपा ने प्रत्याशियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। गोरखपुर क्षेत्र (गोरखपुर, बस्ती व आजमगढ़ मंडल से जुड़े दस जिले) के 62 विधानसभा क्षेत्रों से करीब एक हजार दावेदर आगे आए हैं।
अब दावेदारों के कामकाज, जनता के बीच प्रसिद्धि और जातीय समीकरण देखा जा रहा है, फिर हर विधानसभा क्षेत्र से तीन-तीन दावेदारों की लिस्ट प्रदेश मुख्यालय भेजी जाएगी। प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व मिलकर हर विधानसभा क्षेत्र से एक-एक प्रत्याशी के नाम का एलान करेंगे।
2017 के चुनाव में भाजपा को गोरखपुर क्षेत्र की 62 में से 44 सीटों पर जीत मिली थीं। दो सीटें सहयोगी दलों ने जीती थीं। लिहाजा, भाजपा नेता उत्साहित हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि 27637 बूथ, मंडल व सेक्टर स्तरीय संगठन मजबूती से काम कर रहा है। हर बूथ के अध्यक्ष, प्रभारी व महामंत्री की समिति बनी है, जिन्हें ‘त्रिदेव’ नाम दिया गया है।
पन्ना प्रमुखों की तैनाती भी हो चुकी है। विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी व जिला प्रभारी बहुत पहले से काम कर रहे हैं। क्षेत्र के 62 विधानसभा क्षेत्रों से जन विश्वास यात्रा निकाली जा चुकी है। जनता चाहती है कि दोबारा भाजपा सरकार बने।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि इस बार हर सीट से औसत 15-16 लोगों के आवेदन आए हैं। क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला ने बताया कि भाजपा में प्रत्याशी के नाम का एलान एक प्रक्रिया के तहत होता है। स्क्रीनिंग का काम चल रहा है।
दिग्गज नेताओं की रैलियां व जनसभाएं करा चुकी भाजपा
भाजपा बहुत पहले ही चुनावी मोड में आ गई थी। इसी लिहाज से गोरखपुर-बस्ती व आजमगढ़ मंडल में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। दिग्गज नेताओं की ताबड़तोड़ रैली व जनसभाएं कराई गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुशीनगर, सिद्धार्थनगर व गोरखपुर में रैली कर चुके हैं।
संतकबीरनगर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली हुई थी। आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करके जनता से जीत का आशीर्वाद मांगा था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गोरखपुर में बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र दिया था, फिर बस्ती में रैली की थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दोनों मंडलों में ताबड़तोड़ जनसभाएं हुई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह भी कई बार गोरखपुर आ चुके हैं। बूथ, मंडल, शक्ति केंद्र के संगठन की सक्रियता परख चुके हैं।