बस्ती में रफ्तार का कहर: बाइक की आपस में जबरदस्त टक्कर में दो की मौत, एक मेडिकल कॉलेज रेफर
- कोतवाली क्षेत्र में जीजीआई स्कूल के पास सोमवार आधी रात की घटना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बस्ती शहर के गांधीनगर मुख्य मार्ग पर सोमवार आधी रात को राजकीय इंटर कॉलेज गेट के सामने दो बाइक में आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य की हालत बेहद गंभीर है।
सूचना मिलते ही कोतवाल मनोज कुमार त्रिपाठी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पैड़ा खरहरा निवासी वसीउल्लाह (38) पुत्र रफीकुल्लाह प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री व सपा नेता रामप्रसाद चौधरी के बेटे अतुल चौधरी की गाड़ी चलाता था। सोमवार रात काम निपटाने के बाद वसीउल्लाह ड्राइवर साथी रमाकांत चौधरी (28) के साथ बाइक से निकला।
रात करीब साढ़े 11 बजे जीआईसी गेट के पास पहुंचने पर सामने से एक अन्य बाइक में जबरदस्त टक्कर हे गई। जिस पर एक दुकान पर काम करने वाला राजकुमार (22) पुत्र संजय कुमार सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए।
वसीउल्लाह व राजकुमार मरणासन्न हालत में सड़क पर पड़े थे, जबकि रमाकांत दर्द से झटपटा रहे थे। इसी बीच वहां से गुजर रहे अवर अभियंता अभिषेक चंद्र ओझा ने घायल रमाकांत को अस्पताल ले जाने के लिए अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसी बीच कोतवाल भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और अन्य दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए।
यहां जांच के बाद चिकित्सक ने वसीउल्लाह व राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि रमाकांत को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक राजकुमार शहर की एक दुकान पर काम करता था। हादसे की रात काम से घर लौट रहा था।
पूर्वमंत्री के बेटे की गाड़ी चलाता था वसीउल्लाह
बस्ती शहर के जीआईसी के सामने हुए हादसे की सूचना पहुंचते ही वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पैंड़ा खरहरा गांव के वसीउल्लाह के घर में कोहराम मच गया। मां जाहिदा खातून, पत्नी वकीला खातून अचेत हो गईं। पिता रफीकुल्लाह व महल्ले के लोग घटना स्थल की ओर भागे। बेटे का शव देखते ही पिता रफीकुल्लाह बेहोश होकर गिर पड़े। वसीउल्लाह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था।
वसीउल्लाह के छह बच्चों में चार बच्चों को पता ही नहीं हैं कि उनके अब्बा की मौत हो गई है। मंगलवार को वे घर पर खेलकूद रहे थे। बड़ा बेटा मोहम्मद अरबाज 14, मुस्कान 12, शबनम 10, सहबाज 8, सेराज 5 व सबसे छोटा ऐराज सिर्फ तीन वर्ष का है। उन्हें देख लोगों की आंखें नम हो जा रही थीं। बहन साजिदा, हसीना का रो-रो कर बुरा हाल है।
वसीउल्लाह पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी के पुत्र अतुल चौधरी की गाड़ी चलाता था। पिता ने बताया कि इसके पहले वसीउल्लाह पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार उर्फ नंदू चौधरी की गाड़ी चलाता था। बसपा से सपा ज्वांइन करने के बाद वसीउल्लाह अतुल चौधरी का चालक बन गया।