गोरखपुर में हादसा: राज्यपाल के वाहन के काफिले से टकराए बाइक सवार, दो युवक घायल; देखें वीडियो
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दो दिनों से गोरखपुर में हैं। सोमवार को उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया था। आज मंगलवार को वह एमएमएमयूटी के आठवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि थीं।
विस्तार
गोरखपुर में पिपराइच के जंगल धूसड़ से लौटते समय मंगलवार की दोपहर में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के काफिले में शामिल पुलिस एस्कॉर्ट वाहन से टकरा कर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। तेज रफ्तार पुलिस की एस्कॉर्ट वाहन भी इस टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गई। इसके बाद गाड़ी पेड़ से टकराकर रुकी। गाड़ी में बैठे सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए।
घटना पिपराइच इलाके के पादरी बाजार रोड पर लाला बाजार, हैदरगंज मोड़ पर हुई। हादसे के बाद नाराज लोग सड़क पर उतर आए और सड़क जाम करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने जाम नहीं लगने दिया। इसके बाद राज्यपाल का काफिला शहर की ओर आगे बढ़ गया।
जानकारी के मुताबिक, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंची हैं। वह मदनमोहन मालवीय इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद मंगलवार को पिपराइच इलाके के जंगल धूषड़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची थीं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल करीब 3.30 बजे शहर में आ रही थीं। उनका काफिला आने से पहले सड़क जीरो यानी कि ट्रैफिक पूरी तरह से रोक दिया गया था। इस बीच पिपराइच-पादरी बाजार रोड पर स्थित लाला बाजार, हैदरगंज मोड़ पर एक बाइक पर सवार दो युवक अचानक आ गए।
दुकान में बीस हजार रुपये का नुकसान
काफिले में शामिल पुलिस एस्कॉर्ट की वाहन से बाइक सवारों की टक्कर के बाद उसने पटरी पर लगी सब्जी और मछली की दुकान को रौंद दिया। इसके बाद लालचंद की गुमटी में टकरा गई थी। गनीमत रही कि उस समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था। लालचंद का कहना है कि उनकी गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई और करीब बीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
डॉक्टर की कार क्षतिग्रस्त की
बाइक सवारों के घायल होने के बाद नाराज लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने खदेड़ दिया। कुछ देर बाद आक्रोशित लोगों ने पिपराइच से शहर की तरफ जा रही डॉक्टर की कार को ईंट मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.