Exclusive: इंग्लैंड में चमक बिखेरेंगे DDU के जूडोका, कॉमनवेल्थ गेम्स में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व
28 जुलाई से आठ अगस्त तक आयोजित होने वाले 18वें कॉमनवेल्थ गेम्स में गोरखपुर विश्वविद्यालय के जूडोका विजय कुमार यादव और तूलिका मान अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरेंगे। ये दोनों गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्र हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक आयोजित होने वाले 18वें कॉमनवेल्थ गेम्स में गोरखपुर विश्वविद्यालय के जूडोका विजय कुमार यादव और तूलिका मान अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरेंगे। गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र रहे विजय कुमार यादव जूडो के 60 किलो भार वर्ग में और विश्वविद्यालय की छात्रा तूलिका मान 78 किलोभार वर्ग में दमखम दिखाएंगे।
इंडियन ओलंपिक संघ की ओर से जारी कॉमनवेल्थ गेम्स के नौ खेलों में हिस्सा लेने वाले 203 खिलाड़ियों की सूची में विजय कुमार यादव और तूलिका मान का नाम शामिल है। दोनों खिलाड़ी फिलहाल इंडिया टीम के साथ दिल्ली में आयोजित कैंप में हिस्सा ले रहे हैं। दोनों खिलाड़ी कोच यशपाल सोलंकी के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं। दोनों ने एक महीने स्पेन में भी प्रशिक्षण लिया है। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने शुभकामनाएं दीं हैं।
विजय कुमार यादव
26 वर्षीय जूडोका विजय यादव कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक के प्रबल दावेदार हैं। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चमक बिखेरने वाले विजय मूलरूप से वाराणसी के महुरिया के रहने वाले हैं। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध गुरुकुल पीजी कॉलेज बड़हलगंज से परास्नातक की पढ़ाई की है। विजय ने वर्ष 2018 में हांगकांग में आयोजित एशियन ओपन में कांस्य पदक जीता था। वर्ष 2019 वाल्सेल और जयपुर में आयोजित कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में भी पदक हासिल किया था। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2019 में उन्हें लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया था। वर्ष 2019 के हांगकांग में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था।
तूलिका मान
गुरुकुल पीजी कॉलेज, ददरी में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा तूलिका मान ने छह वर्ष की उम्र से घर के पास स्थित एकेडमी में प्रशिक्षण लेना प्रारंभ किया। सीनियर विजय यादव की सलाह पर गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज में प्रवेश लेकर खेल पर फोकस किया। दिल्ली के राजौरी गार्डन में दिल्ली पुलिस में कार्यरत मां अमृता सिंह के साथ रहने वाली तूलिका के पिता का निधन वर्ष 2015 में हुआ था। मगर, मां के उत्साहवर्धन ने बेटी के हौसले को टूटने से बचाया। उनका सपना ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल करना है।
तूलिका की कुछ उपलब्धियां
वर्ष 2019: दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण
वर्ष 2019: यूएई में आयोजित सीनियर एशियन चैंपियनशिप में सातवीं रैंक
वर्ष 2019: सीनियर कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
वर्ष 2019: ताइवान में आयोजित एशियन ओपन में कांस्य पदक
वर्ष 2019: नेपाल में आयोजित साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक
वर्ष 2022: कानपुर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जूडो में स्वर्ण
सीनियर नेशनल जूडो और एशियन जूडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक