Gorakhpur News: पुलिस में तय होगी समस्या समाधान की समय सीमा, जारी होंगी तीन पर्चियां
अब पुलिस दफ्तर में अफसरों के पास आने वाले फरियादियों को रिसिविंग दी जाएगी। समस्या निस्तारण की नई व्यवस्था एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बनाई है। इसके तहत प्रार्थनापत्र देने पर तीन पर्चियां जारी की जाएंगी। इसमें से एक फरियादी के पास, दूसरी थानेदार के पास व तीसरी एसएसपी के पास रहेगी। पर्ची पर समस्या के समाधान की तय सीमा भी निर्धारित की जाएगी। जिसके आधार पर थाना पुलिस के काम का आकलन और कार्रवाई होगी।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को पुलिस दफ्तर में आए फरियादियों के बाद एसएसपी ने यह फैसला लिया है। एसएसपी का मानना है कि इससे समस्या का निस्तारण जल्द होगा और यह भी पता चलेगा कि पिछले बार किए गए आदेश पर कोई कार्रवाई हुई भी या नहीं।
एसएसपी ने यह व्यवस्था जन सुनवाई को प्रभावी करने के उद्देश्य से बनाई है। ताकि लोगों को अपनी समस्या लेकर बार-बार थाने अथवा अधिकारियों का चक्कर न लगाना पड़े। इसे प्रभावी रूप से लागू करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
अपने ऑफिस में ही फरियाद सुनेंगे अफसर
एसएसपी दफ्तर में ही एसपी रैंक के अफसरों की एक-एक दिन की निर्धारित ड्यूटी को भी परिवर्तित कर दिया गया है। एसएसपी ने सभी अफसरों को अपने-अपने दफ्तर में ही बैठकर फरियाद सुनने का आदेश दिया है। इसकी शुरुआत बुधवार को हुई। पहले एसएसपी के साथ बैठकर या उनकी अनुपस्थिति में अकेले जनता की समस्याएं सुनते थे और उसके निस्तारण के संबंध में थानेदार को निर्देशित करते थे।