अनलॉकः यूपी में सात माह बाद आज से खुलेंगे सिनेमाघर, प्रदर्शित होंगी ये खास फिल्में
- मूवी टिकट डिजिटल होंगे, खाने की बुकिंग भी ऑनलाइन
- कोरोना संक्रमण की वजह से मार्च माह से बंद थे सिनेमा घर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमण की वजह से मार्च माह से ही सिनेमाघरों को बंद कर दिया गया था। अब तकरीबन सात माह बाद गुरुवार से सिनेमाघरों में फिल्में प्रदर्शित होने जा रही हैं। कोई नई फिल्म तो नहीं रिलीज होगी, लेकिन पुरानी चर्चित फिल्मों से सिनेमाघर दर्शकों को आकर्षित करने का प्रयास करेंगे।
शासन-प्रशासन की ओर से तय सभी कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन किया जाएगा। आईनॉक्स सिनेमाहाल 15 अक्तूबर दोपहर से खुल जाएगा। कुछ सिनेमाहाल शुक्रवार से खुलेंगे।
लंबे समय बाद सिनेमाहाल खुलने से संचालक उत्साहित हैं, लेकिन नई फिल्में नहीं रिलीज होने से थोड़ा आशंकित भी हैं। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि दर्शक सिनेमाघरों तक जरूर पहुंचेंगे। उनका कहना है कि अब कोरोना का कहर कम हो रहा है। इस कारण दर्शकों के आने की उम्मीद है।
सिनेमाहाल संचालकों का कहना है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। पेपर लेस टिकट की व्यवस्था की गई है। टिकट काउंटर से मोबाइल पर मैसेज के माध्यम टिकट मिलेगा। सिनेमाघरों में कोरोना से बचाव के लिए दर्शकों को शतरंज की बिसात की तरह बैठाया जाएगा।
एक दर्शक के आगे-पीछे और दाएं-बाएं दूसरा दर्शक नहीं बैठेगा। सिनेमाघरों की चक्रीय सिटिंग योजना की जानकारी जिला प्रशासन को देनी है। सिनेमाहाल कर्मियों की कोरोना निगेटिव की रिपोर्ट भी प्रशासन ने तलब की है।
मूवी शो के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
- हर शो के बाद सैनिटाइजेशन किया जाना जरूरी
- कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना और थर्मल स्क्रीनिंग
- कोविड के लक्षण मिलते ही कंट्रोल रूम को देनी होगी सूचना
- दर्शक का नाम, पता व मोबाइल फोन नंबर दर्ज करना होगा
- दर्शकों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप होना अनिवार्य, बिना मास्क प्रवेश नहीं
सिनेमा, थिएटर, मल्टीप्लेक्स प्रबंधन के लिए अनिवार्य बातें
- सामान्य क्षेत्र व प्रतीक्षा क्षेत्र के बाहर छह फीट की शारीरिक दूरी होना जरूरी
- प्रबंधन को स्पर्श रहित सैनिटाइजर की व्यवस्था करना अनिवार्य
- सिनेमाहाल के सभी कर्मचारियों के फेस कवर और मास्क अनिवार्य
- सभी कर्मचारियों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड अनिवार्य
शुक्रवार से खुलेगा एडी सिनेमा
ऑईनॉक्स सिनेमा : डिजिटल टिकट लेना होगा
ऑईनॉक्स यूनिट हेड मनीष ओझा ने बताया कि ऑईनॉक्स में गुरुवार दोपहर से शो शुरू होगा। पुरानी फिल्में लगेंगी। डिजिटल टिकट मिलेंगे। दर्शक को मोबाइल नंबर देना होगा। इस पर क्यूआर कोड के साथ संदेश मिलेगा। क्यूआर कोड से ही टिकट मोबाइल में डाउनलोड हो जाएगा। इसी कोड के माध्यम से दर्शक खाने के सामनों की सीट पर बैठे ही बुकिंग कर सकेंगे। प्रबंधन की तरफ से कोरोना सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा। ऑडिटोरियम में आगे, पीछे दाएं-बाएं की सीट बुक नहीं होगी।
सुरक्षा मानकों का रहेगा ध्यान
ओरियन मॉल के निदेशक अमित टेकरीवाल ने कहा कि कोराना के सुरक्षा मानकों का ध्यान रखकर पीवीआर सिनेमा खोला जाएगा। सीटों की बुकिंग भी प्रशासन के दिशा निर्देश के हिसाब से की जाएगी। अभी कोई नई फिल्म रिलीज नहीं हुई है, ऐसे में पुरानी मूवी ही लगेंगी। शो के बाद ऑडिटोरियम को सैनिटाइज किया जाएगा।
इन फिल्मों के साथ खुलेंगे सिनेमाहाल
तानाजी, सिंबा, सांड की आंख, कमांडो-3, मलंग, ड्रीम गर्ल, ब्लडशॉट, थप्पड़ समेत कुछ और पुरानी ब्लॉकबस्टर फिल्में लगाई जाएंगी।