Exclusive ITI: हुनरमंद हाथों को और दक्ष बनाएगी TATA, उपलब्ध कराएगी नौकरी के अवसर
आईटीआई चरगांवा के प्रधानाचार्य सत्यकांत ने कहा कि टाटा कंपनी की ओर से राजकीय आईटीआई में उच्च स्तरीय लैब के निर्माण के लिए जमीन का सर्वे किया गया है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर परिषद को भेजी गई है। जल्द ही कार्ययोजना को सहमति मिलने के आसार हैं।
विस्तार
व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग ने आईटीआई प्रशिक्षुओं को तकनीकी रूप से और दक्ष बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत जिले के राजकीय आईटीआई में टाटा ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की उच्च स्तरीय लैब का निर्माण कराया जाएगा। कंपनी की ओर से लैब में अत्याधुनिक उपकरणों लगाने के साथ प्रशिक्षक भी तैनात किए जाएंगे। इसे लेकर परिषद और कंपनी की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
अप्रैल में टाटा कंपनी के प्रतिनिधियों ने आईटीआई चरगांवा के प्रधानाचार्य के साथ परिसर के अंदर और आईटीआई कैंपियरगंज में 10 हजार स्क्वायर फीट जमीन का सर्वे भी किया गया है। इस योजना के तहत आईटीआई चरगांवा में संचालित कुछ ट्रेड को टाटा कंपनी की ओर से गोद लिया जाएगा। फिर, कंपनी की डिमांड के मुताबिक उन्हें उच्च स्तरीय उपकरणों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। संवाद
सैमसंग और मारुति ने स्थापित की है लैब
आईटीआई चरगांवा में ख्यातिलब्ध मोबाइल कंपनी सैमसंग और मारुति सुजुकी ने भी अपनी उच्चीकृत लैब स्थापित की है। इसके तहत इन कंपनियों द्वारा परिसर के अंदर अत्याधुनिक लैब का निर्माण कर विद्यार्थियों को निशुल्क प्रशिक्षण दिलाया जाता है।
सीआईटीएस प्रशिक्षण भी देगा आईटीआई चरगांवा
आईटीआई चरगांवा में अगस्त से क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम (सीआईटीएस) कोर्स भी प्रारंभ होना जा रहा है। इसके तहत डीजीटी की ओर से आयोजित होने वाले संयुक्त प्रवेश परीक्षा में चयनित सीआईटीएस (अनुदेशक) को आईटीआई चरगांवा से भी प्रशिक्षण हासिल करने का अवसर मिलेगा।
आईटीआई चरगांवा के प्रधानाचार्य सत्यकांत ने कहा कि टाटा कंपनी की ओर से राजकीय आईटीआई में उच्च स्तरीय लैब के निर्माण के लिए जमीन का सर्वे किया गया है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर परिषद को भेजी गई है। जल्द ही कार्ययोजना को सहमति मिलने के आसार हैं।