गोरखपुर में बोले सीएम योगी: विरासत को नुकसान पहुंचाने वालों पर कराएं कानूनी कार्रवाई
पर्यटन विकास कार्यों के लोकार्पण से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधि विधान से मानसरोवर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर लोक मंगल की कामना की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसहयोग और सरकार के स्तर पर विकास के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा सकता है, लेकिन उसके संरक्षण का दायित्व आमजन को उठाना पडे़गा। हमारी विरासत, इसकी सुंदरता को कोई नुकसान पहुंचाए, गंदगी फैलाए, तो उसे समझाएं। इसके बाद भी उद्दंडता करे तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने में भी नागरिकों को संकोच नही करना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी बृहस्पतिवार को पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व वाले प्राचीन मानसरोवर शिव मंदिर तथा मंदिर के पास स्थित रामलीला मैदान के पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानसरोवर मंदिर का विकास जन भावनाओं के अनुरूप कराया गया है। बेहतरीन पर्यटन सुविधाओं का विकास होने के साथ ही यहां पर सुंदरीकरण के सभी कार्य पूरे हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसरोवर मंदिर के तालाब को आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में अमृत सरोवर के रूप में पहचान दिला सकते हैं। कहा कि गोरखपुर में पर्यटन विकास के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, विधायक विपिन सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे।
मानसरोवर मंदिर में किया रुद्राभिषेक
पर्यटन विकास कार्यों के लोकार्पण से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधि विधान से मानसरोवर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर लोक मंगल की कामना की।
6.01 करोड़ रुपये से संवरा मानसरोवर मंदिर
मानसरोवर शिव मंदिर को सजाने-संवारने में 6.01 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मंदिर परिसर में मल्टीपरपज हॉल, प्रसाधन, 50 लोगों की क्षमता का रैन बसेरा, दो टूरिस्ट शेल्टर, परिसर स्थित सरोवर पर रेड स्टोन रेलिंग, हवन कुंड, रेड स्टोन पाथवे, उद्यान, महिला-पुरुष व दिव्यांगजन के लिए टॉयलेट ब्लॉक, पार्किंग, बाउंड्री वाल का निर्माण, लैंडस्कैपिंग, प्रवेश द्वार, पार्किंग के निर्माण के साथ ही सोलर पैनल तथा विक्टोरिया व गार्डन लाइट लगाई गई हैं।
1.64 करोड़ से हुआ रामलीला मैदान का सुंदरीकरण
रामलीला मैदान का जीर्णोद्धार तथा सुंदरीकरण 1. 64 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। रामलीला के लिए मंच, ग्रीन रूम, बाउंड्रीवाल, टॉयलेट ब्लॉक, उद्यान, दो प्रवेश द्वार बनाने के साथ ही लैंडस्कैपिंग भी कराई गई है। रामलीला मैदान में स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण भी कराया गया है।