स्वच्छ सर्वेक्षण: टॉयलेट, यूरिनल, पार्क के जीआईएस टैग से निर्धारित होगी रैंकिंग
स्वच्छ भारत मिशन कार्यालय में कर्मियों को तैयार करने का जिम्मा अपर नगर आयुक्त को। साथ ही शहर के अलावा वार्डों की बाउंड्री भी होगी निर्धारित।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की रैंकिंग में शहर के सार्वजनिक टॉयलेट, यूरिनल और पार्कों की जीआईएस टैगिंग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके अंतर्गत नगर निगम को न सिर्फ शहर की बाउंड्री की, बल्कि वार्डों की सीमाओं की भी जीआईएस टैगिंग करनी है। नगर निगम को 30 जनवरी तक इस काम को पूरा करके स्वच्छ सर्वेक्षण की वेबसाइट पर अपलोड कर देना है।
इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण 7,500 अंकों का हो रहा है। पिछली बार यह मात्र 6,000 अंकों का था। ऐसे में इसमें कई नई चीजों को भी शामिल किया गया है। इनमें शहर के सार्वजनिक शौचालयों, मूत्रालयों, पार्को समेत, नगर निगम की सभी संपत्तियों का विवरण ऑनलाइन उपलब्ध कराना भी शामिल है।
इसी क्रम में नगर निगम इन सभी संपत्तियों की जीआईएस टैगिंग भी शुरू कर चुका है। इसके अलावा चौराहों पर ब्रांडिंग, शहर को कूड़ा मुक्त करना, शहर को खुले में शौच से मुक्त करना, शहर के घरों से निकलने वाले पानी का फिर से इस्तेमाल करना समेत कुल 16 कैटेगरी में कार्य किया जाना है।
नगर आयुक्त ने की बैठक, अधिकारियों को बांटे काम
स्वच्छ सर्वेक्षण संबंधी बैठक में बृहस्पतिवार को नगर निगम के विभिन्न विभाग के अधिकारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण से संबंधित िजिम्मेदारियां सौंपी गईं। स्वच्छ सर्वेक्षण के कार्यों को देखते हुए, नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन कार्यालय में अन्य कर्मियों को तैनात करने के लिए, अपर नगर आयुक्त को जिम्मा सौंपा।
स्वच्छ सर्वेक्षण के नोडल अधिकारी सहायक नगर आयुक्त डॉ. मणि भूषण तिवारी ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत सार्वजनिक शौचालयों, पार्कों आदि की जीआईएस टैगिंग संबंधी कर निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को सिटीजन फीडबैक आदि के संबंध में विभिन्न प्रकार की जिम्मेदारियों के अलावा सफाई के विभिन्न कार्य भी सौंपे गए।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, मुख्य अभियंता सुरेश चन्द, महाप्रबंधक जलकल सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सहायक नगर आयुक्त डॉ. मणि भूषण तिवारी, जोनल अधिकारी अमरेश बहादुर पाल, जोनल सेनेट्ररी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव एंव अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।