हादसा: डीजल-पेट्रोल के तस्करों को दौड़कर पकड़ रहा था एसएसबी जवान, पैर फिसलकर नदी में गिरने से हुई मौत
पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मृत जवान के परिजनों को एसएसबी के अधिकारियों ने घटना की सूचना दे दी है। जवान के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के जोगियाबारी एसएसबी बीओपी के नजदीक एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार की रात करीब 11 बजे डीजल-पेट्रोल की तस्करी करने वाले तस्करों को दौड़कर पकड़ने के दौरान एक एसएसबी जवान की डंडा नदी में गिरकर डूबने से उसकी मौत हो गई। साथी एसएसबी के जवानों ने शव को बाहर निकाल नौतनवां के दोमहान घाट स्थित एसएसबी कैंप पर ले आए।
यहां सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता भी मयफोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक एवं एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट जीतलाल के नेतृत्व में जवानों ने मृतक जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक जम्मू कश्मीर के चवनरी थाना गंदो तहसील गंदोह (भलेसा) जिला डोडा निवासी मो. हुसैन (37) सशस्त्र सीमा बल की 66वीं वाहिनी में कोल्हुई थाना क्षेत्र में स्थित जोगियाबारी बीओपी पर हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। बताया गया कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे वह अन्य जवानों के साथ बटईडीहा के ककरहवा घाट पर गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान कुछ लोग साइकिल पर लादकर डीजल और पेट्रोल की तस्करी करते हुए नजर आए। अभी जवान मौके पर पहुंचते तबतक तस्कर सामान और साइकिल वहीं छोड़कर भागने लगे। जवानों ने उन्हें दौड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान टीम में शामिल जवान मोहम्मद हुसैन का पांव फिसल गया और वह बगल से होकर बह रही डंडा नदी में जा गिरे।
डॉक्टर ने घोषित किया मृत
साथी जवान जब तक उन्हें बचाने का प्रयास करते तब तक वह नदी के कुंड में समा गए। काफी मशक्कत के बाद जवानों ने उन्हें पानी से बाहर निकालकर नौतनवां कस्बे के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यहां से जवान का शव दोमुहान घाट स्थित कैंप पर लाया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मृत जवान के परिजनों को एसएसबी के अधिकारियों ने घटना की सूचना दे दी है। जवान के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम जांच करेगी। जांच के आधार पर जो सत्यता निकलकर सामने आएगी। उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
कुछ साइकिलों की बरामदगी भी हुई
घटनास्थल से भारी मात्रा में डीजल और पेट्रोल एवं कुछ साइकिलों की बरामदगी भी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई और नौतनवां थाने की फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। यहां एसएसबी और पुलिस के जवानों ने सलामी के बीच जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।