गोरखपुर: संघ प्रमुख मोहन भागवत ने ग्रामीण क्षेत्रों में शाखा बढ़ाने पर दिया जोर, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत
संघ प्रमुख 23 से 27 मार्च तक वाराणसी में रहेंगे। साथ ही काशी क्षेत्र के संगठन व जागरण श्रेणी से जुड़े स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघचालक मोहन भागवत ने रविवार को स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि परिस्थितियां अच्छी हैं। संगठन के प्रति ईमानदार रहकर काम करना है। चौकन्ना रहना है। इसके परिणाम हमेशा अच्छे आएंगे।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत चार दिवसीय (17-22 मार्च) दौरे पर गोरखपुर आए हैं। वह गोरक्ष प्रांत के कार्यालय माधव धाम में रुके हैं। उन्होंने माधव धाम में ही संगठन व जागरण श्रेणी से जुड़े पदाधिकारी, स्वयंसेवकों से संवाद किया। करीब चार घंटे के संवाद में आरएसएस प्रमुख ने कहा है कि संगठन श्रेणी को विस्तार देना है।
इस श्रेणी में शाखा, शारीरिक शिक्षण और बौद्धिक शिक्षण आता है। जागरण श्रेणी से जुड़े प्रचार, संपर्क व सेवा कार्य महत्वपूर्ण हैं। संघ का मकसद देश व समाजसेवा है। समाज से आपसी भेदभाव को दूर करना ही स्वयंसेवकों का काम है। समाज को सभी विकारों से मुक्त करके समरसता भाव वाले सामाजिक परिवेश तैयार करना है। कुछ विकृतियों की वजह से समाज का ताना बाना टूटा है। जाति, विषमता और अस्पृश्यता जैसे सामाजिक विकार जल्द दूर करने हैं। सामाजिक अहंकार और हीनभाव दोनों समाप्त होने चाहिए।
संघ प्रमुख ने पर्यावरण को संतुलित बनाने का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण व जागरुकता से ही पर्यावरण संरक्षण को आगे बढ़ाया जा सकता है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष जोर देना है। इससे बीमारी दूर रहेगी। देर शाम संघ प्रमुख ने महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष यूपी सिंह सहित तमाम लोगों से मुलाकात भी की। इस दौरान क्षेत्र प्रचारक अनिल, क्षेत्र कार्यवाह वीरेंद्र जायसवाल, प्रांत प्रचारक सुभाष, प्रांत संघ चालक डॉ. पृथ्वीराज सिंह, सह प्रांत संघ चालक डॉ. महेंद्र अग्रवाल, प्रांत कार्यवाह सुरेश शुक्ला, सह प्रांत प्रचारक अजय और प्रांत प्रचार प्रमुख उपेंद्र प्रसाद द्विवेदी मौजूद रहे।
22 को कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
आरएसएस प्रमुख 22 मार्च को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में करीब एक हजार स्वयंसेवक और उनके परिजन हिस्सा लेंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आरएसएस प्रमुख स्वयंसेवकों के साथ ही परिजनों से सीधा संवाद करेंगे।
योगी ने की मुलाकात, शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया
चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की देर शाम आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने 25 मार्च को लखनऊ में प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता आरएसएस प्रमुख को भी दिया। मोहन भागवत चार दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए और संघ के प्रांत कार्यालय माधव धाम में रुके हैं। माधव धाम में ही मुख्यमंत्री व भागवत की मुलाकात हुई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने चुनाव में जीत और सरकार गठन से जुड़ी जानकारी आरएसएस प्रमुख से साझा की है। हालांकि, इस मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार बताया गया है।
23 से वाराणसी में रहेंगे संघ प्रमुख
संघ प्रमुख 23 से 27 मार्च तक वाराणसी में रहेंगे। साथ ही काशी क्षेत्र के संगठन व जागरण श्रेणी से जुड़े स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे।