सीआईएससीई: बारहवीं के हिंदी और अंग्रेजी में भी होंगे प्रोजेक्ट वर्क, जानिए कितने मिलेंगे नंबर
100 नंबर के पेपर में 80 नंबर की थ्योरी तो 20 नंबर का होगा प्रोजेक्ट, पूर्व में 18 विषयों में लागू थी यह व्यवस्था, 12 और विषय जोड़े गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने वर्ष 2021 के इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (आईएससी) 12वीं परीक्षा के प्रारूप में बदलाव कर दिया है। बोर्ड ने अंग्रेजी भाषा, गणित और हिंदी समेत 12 विषयों में प्रोजेक्ट वर्क लागू किया है।
इसके तहत, छात्रों के 100 अंकों के पेपर को अब दो भागों में बांटा जाएगा। इसमें 80 नंबर थ्योरी तो 20 नंबर प्रोजेक्ट पर मिलेंगे। इस संबंध में बोर्ड का निर्देश शहर के सीआईएससीई से संचालित स्कूलों में पहुंचा है।
परीक्षा का एक भाग लिखित तो दूसरा प्रोजेक्ट वर्क पर आधारित होगा। बोर्ड ने पूर्व में 18 विषयों में इसे लागू किया था अब बचे हुए 12 अन्य विषयों में भी इसे प्रभावी किया है। इस पहल से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं में और अच्छे नंबर हासिल करने में आसानी होगी।
अभी तक काउंसिल ने इन विषयों के प्रोजेक्ट वर्क के बारे में सूचना नहीं भेजी है। जानकारी मिलने पर उसके आधार पर छात्र प्रोजेक्ट तैयार करेंगे। इन प्रोजेक्ट का मूल्यांकन विद्यालय समेत बाहरी परीक्षक करते हैं।
इन विषयों में किया गया है प्रोजेक्ट वर्क लागू
इंग्लिश लैंग्वेज, लिट्रेचर इन इंग्लिश, इंडियन लैंग्वेज, मॉडर्न फॉरेन लैंग्वेज, क्लासिकल लैंग्वेज (अरेबिक, संस्कृत, पर्शियन), इलेक्टिव इंग्लिश, गणित, इलेक्ट्रिसिटी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग साइंस, जियोमैट्रिकल एंड मैकेनिकल ड्राइंग, जियोमैट्रिकल एंड बिल्डिंग ड्राइंग, हिंदी।
आरपीएम एकेडमी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन अजय शाही ने बताया कि सीआईएससीई ने बारहवीं की परीक्षा के लिए 12 विषयों में प्रैक्टिकल को भी जोड़ दिया है। इस पहल के मुताबिक अब 80 नंबर के थ्योरी की परीक्षा होगी। वहीं 20 नंबर प्रोजेक्ट वर्क के लिए मिलेंगे। पिछले शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है।