President Visit: एडीजी व मंडलायुक्त पहुंचे गीता प्रेस, लिया तैयारियों का जायजा, चार जून आएंगे राष्ट्रपति
चार जून को राष्ट्रपति करेंगे गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह का शुभारंभ, अधिकारियों ने मंच, पंडाल वाले स्थान व लीला चित्र मंदिर का किया निरीक्षण।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह का शुभारंभ करने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद चार जून को गोरखपुर आ रहे हैं। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए एडीजी जोन अखिल कुमार, मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी के नेतृत्व में प्रशासन व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को दोपहर गीता प्रेस का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
दोपहर 12 बजे के करीब एडीजीपी, कमिश्नर, डीआईजी, एसपी सिटी आदि अधिकारी गीता प्रेस पहुंचे। करीब एक घंटे तक प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने गीता प्रेस का निरीक्षण किया। इस दौरान राष्ट्रपति गीता प्रेस परिसर में लीला चित्र मंदिर समेत जहां-जहां जाएंगे, वहां का जायजा लिया। पार्क में जिस स्थान पर पंडाल लगेगा, वहां की मैपिंग की गई। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मंच और पंडाल तैयार करने वालों से अधिकारियों ने चर्चा की। इस दौरान गीता प्रेस के ट्रस्टी बैजनाथ अग्रवाल, देवी दयाल अग्रवाल, माधव जालान, डॉ. लालमणि तिवारी मौजूद रहे।
गीता प्रेस से सर्किट हाउस तक निरीक्षण
राष्ट्रपति कोविंद सर्किट हाउस से सड़क के रास्ते गीता प्रेस आएंगे। राष्ट्रपति के सर्किट हाउस से पैडलेगंज चौराहा, रूस्तमपुर ढाला, टीपी नगर होते हुए राप्ती नदी के बंधे के लालडिग्गी होकर गीता प्रेस पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए गीता प्रेस के निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने गीता प्रेस से सर्किट हाउस तक उस रूट का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही पुलिस विभाग ने दो वैकल्पिक रूट की भी तैयारी की है।
देश की प्रथम महिला के भी आने की संभावना
देश की प्रथम महिला सविता कोविंद भी गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह के शुभारंभ के अवसर पर आ सकती हैं। गीता प्रेस प्रबंधन के मुताबिक, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की धर्मपत्नी के भी आने की संभावना है। हालांकि, अभी उनके आने को लेकर कोई सूचना राष्ट्रपति कार्यालय से नहीं मिली है।
अधिकतम चार सौ लोग हो सकते हैं शामिल
गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम में अधिकतम 300-400 लोग ही शामिल हो पाएंगे। राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल, गीता प्रेस परिसर के अंदर पार्क में जगह को देखते हुए गीता प्रेस प्रबंधन को यह उम्मीद है कि प्रशासन द्वारा इतने ही लोगों को प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। ऐसे में वीवीआईपी, गीता प्रेस प्रबंधन, मीडियाकर्मियों के अलावा चुनिंदा लोगों को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। एडीजी जोन व कमिश्नर ने जल्द ले आउट तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।
राष्ट्रपति कार्यालय से लगेगी पास के डिजाइन पर मोहर
राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल होने वालों के लिए गीता प्रेस से पास जारी होगा। गीता प्रेस ने पास का डिजाइन तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध करा दिया है। प्रशासन इसको राष्ट्रपति कार्यालय भेजेगा। डिजाइन पर राष्ट्रपति कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद ही पास के छपाई का काम शुरू होगा।
‘तत्व विवेचनी’ की छपाई शुरू
राष्ट्रपति गीता प्रेस में पहली बार आर्ट पेपर पर प्रकाशित ‘विशिष्ट श्रीरामचरितमानस’ व गीताप्रेस के संस्थापक सेठजी जयदयाल गोयंदका द्वारा लिखी गीता पर टीका ‘तत्व विवेचनी’ के परिवर्धित संस्करण का लोकार्पण करेंगे। श्रीरामचरितमानस छपकर तैयार है। ‘तत्व विवेचनी’ की छपाई शुरू हो चुकी है। पांच हजार प्रतियां प्रकाशित की जा रही हैं।
उत्तरीय भेंटकर किया जाएगा सम्मानित
गीताप्रेस के ट्रस्टी पुष्प गुच्छ प्रदान कर राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। उन्हें उत्तरीय भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। कौन सी पुस्तकें भेंट की जाएं, इसके बारे में विचार किया जा रहा है। लीला चित्र मंदिर भ्रमण के दौरान भी ट्रस्टी राष्ट्रपति के साथ रहेंगे।