खुशखबर: गोरखपुर में ताज समेत दो और फाइव स्टार होटल बनाने की तैयारी, नए साल पर हो जाएगा शुभारंभ
उद्योगपति शोभित मोहन दास अग्रवाल वहां होटल ताज की चेन खोलेंगे। इसके लेकर करार हो गया है। प्रदेश की पर्यटन नीति के तहत रजिस्ट्रेशन होने के बाद सरकार की भी हरी झंडी मिल गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल के किनारे ताज समेत दो और फाइव स्टार होटल बनाने की तैयारी चल रही है। ऐश्प्रा समूह की तरफ से बनाए जा रहे होटल मैरियट का निर्माण आखिरी चरण में है। इसके नए साल पर शुरू हो जाने, वहीं दो और फाइव स्टार होटलों की आधारशिला पड़ जाने की उम्मीद है। इसे लेकर कवायद शुरू हो गई है। एक होटल को लेकर थोड़ा पेंच था, जिसे गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सुलझा दिया है। इन होटलों के खुल जाने से रामगढ़ताल परियोजना क्षेत्र समेत गोरखपुर में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री के जिले में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने के साथ ही कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट खुल जाने से उद्यमियों, व्यापारियों और पर्यटकों का आना-जाना बढ़ गया है। ऐसे में होटल कारोबार को भी पंख लगने तय हैं। रामगढ़ताल क्षेत्र में ऐश्प्रा समूह की ओर से गुरु गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के पास बनाए जा रहे भवन में मैरियट ग्रुप का होटल खुलेगा। इमारत खड़ी हो गई है और अब इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। समूह के डायरेक्टर अतुल सराफ का कहना है कि होटल का काम तेजी से चल रहा है। पांच से छह महीने में इसे गोरखपुर की जनता को समर्पित करने की पूरी तैयारी है।
चंपा देवी पार्क के पास बनेगा होटल ताज, 350 करोड़ का निवेश होगा
चंपा देवी पार्क के पास होटल के लिए चिह्नित जमीन पर तकनीकी अड़चनें दूर कर ली गई है। उद्योगपति शोभित मोहन दास अग्रवाल वहां होटल ताज की चेन खोलेंगे। इसके लेकर करार हो गया है। प्रदेश की पर्यटन नीति के तहत रजिस्ट्रेशन होने के बाद सरकार की भी हरी झंडी मिल गई है। उद्यमी शोभित मोहन दास अग्रवाल का कहना है कि साढ़े पांच एकड़ में प्रस्तावित इस होटल पर करीब 350 करोड़ रुपये का निवेश होगा जिससे 1500 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। होटल का डिजाइन बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) में मानचित्र भी दाखिल हो जाने की उम्मीद है।
गौतम बुद्ध प्रवेश द्वार के पास बनेगा होटल हॉलिडे इन
बुद्ध प्रवेश द्वार से प्रवेश करते ही लोटस समूह को आवंटित जमीन पर लंबे समय से कोई निर्माण नहीं हो रहा था। जीडीए की ओर से आपत्ति दर्ज कराने के बाद समूह ने यहां हालिडे इन होटल खोलने की बात कही है। इस संबंध में प्रपत्र भी जीडीए में जमा कराए गए हैं। इस होटल को लेकर भी कवायद शुरू कर दी गई है।
खास डेस्टीनेशन होने की वजह से बढ़ी मांग
बौद्ध सर्किट के लिए गोरखपुर शहर भी खास मायने रखता है। भारत में बौद्ध सर्किट से जुड़े स्थानों में बिहार में वैशाली और राजगीर तथा उत्तर प्रदेश में सारनाथ (वाराणसी), श्रावस्ती और कुशीनगर शामिल हैं। ऐसे में यहां काफी संख्या में विदेशों से भी बौद्ध धर्मावलंबी आते हैं। कुशीनगर जाने वाले पर्यटकों के लिए भी गोरखपुर खास डेस्टिनेशन है। वहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट खुलने से आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवक और बढ़ेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के होटल नहीं होने की वजह से गोरखपुर की छवि बहुत बेहतर नहीं है। मगर इन पांच सितारा होटलों के वजूद में आने के बाद पर्यटकों को सहूलियत मिलने के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि रामगढ़ताल क्षेत्र में विभिन्न ग्रुपों के तीन फाइव स्टार खोलने की तैयारी है। एक का काम आखिरी चरण में है। विकास के इस कार्य में प्राधिकरण हर संभव मदद कर रहा है। होटल खुलने से क्षेत्र का विकास तो होगा ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।