ट्रेन से कटकर छात्रा की मौत: हत्या, आत्महत्या या हादसा... तीनों बिंदुओं पर पुलिस कर रही जांच- नहीं मिली तहरीर
मंगलवार को दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद पिता को शव सौंपा गया। इसके बाद पिता शव लेकर राजघाट पहुंचे और दाह संस्कार कर दिया। इस दौरान उनके रिश्तेदार और अन्य करीबी लोग मौजूद रहे। पिता ने आरोप लगाया कि बैंक से लौटते समय स्कूल के सामने दो लड़कों को घूमते हुए देखा था। उनका पीछा भी किया था। दोनों युवकों ने ही धक्का देकर बेटी की हत्या की है।
विस्तार
मंगलवार को दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद पिता को शव सौंपा गया। इसके बाद पिता शव लेकर राजघाट पहुंचे और दाह संस्कार कर दिया। इस दौरान उनके रिश्तेदार और अन्य करीबी लोग मौजूद रहे। पिता ने आरोप लगाया कि बैंक से लौटते समय स्कूल के सामने दो लड़कों को घूमते हुए देखा था। उनका पीछा भी किया था। दोनों युवकों ने ही धक्का देकर बेटी की हत्या की है। उन्होंने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि वह बुधवार को थाने जाकर तहरीर देंगे।
मां-बहन का रो-रोकर बुरा हाल
छात्रा की मौत के बाद मंगलवार को पूरे गांव में सन्नाटा पसरा था। छात्रा के घर पर मां और बहन रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने कहा- चार माह बाद बड़ी बेटी की डोली उठनी थी, इससे पहले छोटी बेटी की अर्थी उठ गई। बड़े प्यार से बेटी को पाला था, यही सोचते थे कि एक दिन पढ़कर लिखकर वह कुछ बनेगी। बड़ी बहन ने कहा कि छोटी बहन स्कूल जा रही थी, उससे खाना खाने के लिए कहा तो वह बोली कि सोमवार व्रत है। यह कहकर निकल गई।
छात्रा के घर पर पुलिस तैनात
छात्रा की मौत से गांव में भी आक्रोश व्याप्त है। इसको देखते हुए छात्रा के घर पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। देर शाम छात्रा के पिता घर पहुंचे तो उनसे मिलने के लिए भीड़ एकत्रित हो गई। किसी से कुछ भी बोलने से उन्होंने इन्कार कर दिया।
यह हुई थी घटना
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 साल की किशोरी 11वीं की छात्रा थी। सोमवार को वह स्कूल की छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही थी। ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से मात्र पांच मिनट की दूरी पर मौजूद छात्रा के पिता ने कहा कि ओवरब्रिज के नीचे पहले से मौजूद दो युवक उनकी बेटी के साथ छेड़खानी कर रहे थे। बेटी के विरोध करने पर युवकों ने उसे मौर्या एक्सप्रेस के आगे धकेल दिया। पुलिस को ओवरब्रिज के नीचे से एक बाइक मिली है।
छात्रा की मौत के मामले में हर पहलुओं की जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी हुई है। अभी तक छात्रा को धक्का देने की बात कहीं सामने नहीं आई है: जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी