गोरखपुर: क्रय केंद्रों पर बोरा नहीं, धान की खरीद ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर में समस्या समाधान का आश्वासन मिलने के बाद यूपी फूड एंड सिविल सप्लाइज इंस्पेक्टर्स, ऑफिसर्स एसोसिएशन (यूपीएफएएसएसआईओ) ने सोमवार को कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया, लेकिन क्रय केंद्रों पर समस्या ज्यों की त्यों बनी रहीं। अधिकतर क्रय केंद्रों पर बोरे उपलब्ध नहीं होने से धान खरीद नहीं हुई तो कई जगहों पर टोकन व्यवस्था फेल होने के कारण खरीद बंद रही।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार नवीन मंडी क्रय केंद्र पर धान रखने की जगह नहीं होने के कारण खरीद नहीं की गई। सुबह से ही ट्रॉली, पिकअप आदि वाहनों पर धान लेकर पहुंचे किसानों को दोपहर बाद निराश लौटना पड़ा। मेहिया निवासी किसान उमाशंकर ने बताया कि उनका धान खरीदने के लिए एसडीएम ने आदेश दिया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनकी ही तरह कई अन्य किसानों को निराश होना पड़ा। क्रय केंद्र के प्रभारी दयानंद चौधरी ने बताया कि धान रखने के लिए जगह नहीं है जिससे धान बाहर रखा गया है। जब धान मिल पर भेज दिया जाएगा तब ही अगली खरीद की जाएगी। विपणन चतुर्थ शाखा के प्रभारी विजय कुमार ने केंद्र पर जगह न होने के बावजूद अपने कार्यालय को भी गोदाम बनाकर धान की खरीद की। नवीन मंडी में ही स्थित दूसरे क्रय केंद्र में बोरे उपलब्ध नहीं होने से खरीद नहीं हुई।
पिपराइच प्रतिनिधि के अनुसार क्रय केंद्र खझवां (पीसीएफ) में बोरों के अभाव में धान खरीद नहीं की गई। क्रय केंद्र प्रभारी सुनील चंद ने बताया बोरे के अभाव में खरीद बंद है। गगहा प्रतिनिधि के अनुसार कौड़ीराम विकास खंड के क्रय केंद्र गजपुर-कोठा में ताला लगा हुआ था। यहां बृहस्पतिवार से ही धान खरीद बंद है। केंद्र प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि मुख्यालय से बोरे मांगे गए हैं, आपूर्ति होने के बाद ही खरीद शुरू हो सकेगी।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार पाली, पिपरौली और सहजनवां ब्लॉक में बोरों के अभाव में 12 से अधिक क्रय केंद्रों पर धान खरीद नहीं हुई। धान खरीद के लिए तीनों ब्लॉकों में हॉट शाखा, कृषि उपज मंडी, साधन सहकारी समिति, पीसीएफ, पीसीयू, कृषि उपज मंडी के धान क्रय केंद्र हैं। बोरा न होने के कारण धान क्रय केंद्र भीटी रावत, पचौरी, खजूरी, जबरैला, बिस्कोहर, कटसहारा तथा बुदहट क्रय केंद्र का कांटा शून्य कर दिया गया है। डीएस पीसीएफ अखिलेश यादव ने बताया कि बोरों की उपलब्धता नहीं होने के कारण धान खरीद रुकी है।
इन समस्याओं के लिए किया गया था कार्य बहिष्कार
क्रय केंद्रों पर धान खरीद में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे यूपीएफएएसएसआईओ ने दो दिन तक खरीद कार्य का बहिष्कार किया था। एसोसिएशन के मंडलीय संरक्षक नरसिंह प्रसाद सिंह ने बताया कि धान क्रय मेें ऑनलाइन-ऑफलाइन टोकन व्यवस्था से दिक्कत आ रही है।
पिछला भुगतान नहीं होने के कारण राइस मिलें क्रय केंद्रों को बोरा नहीं उपलब्ध करा रही हैं। क्रय केंद्रों पर भंडारण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सोमवार को प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग ने समस्या समाधान पर सहमति जताई। इस पर सोमवार से क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू की गई।