गोरखपुर: आज शहर में बसों की नो इंट्री, इस वजह से लिया गया फैसला
कई रास्तों पर बदला रहेगा यातायात, सोमवारी जाम से निपटने की तैयारी, एसएसपी ने निरीक्षण के बाद तैयार किया प्लान, सफल रहा तो स्थायी की जाएगी व्यवस्था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर शहर में सोमवार को रोडवेज और प्राइवेट बसों की नो इंट्री रहेगी। विभिन्न दिशाओं से आने वाली बसों को शहर के बाहर रोक दिया जाएगा। इसके अलावा कई रास्तों पर यातायात में परिवर्तन किया गया है। इसके तहत कई सड़कों को वन वे किया गया है। सुबह आठ से रात आठ बजे तक यातायात की नई व्यवस्था लागू रहेगी। ट्रकों का दिन में प्रवेश पहले से ही वर्जित है।
दरअसल, शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने मातहतों के साथ चर्चा और निरीक्षण के बाद एक यातायात प्लान तैयार किया है। इसे प्रयोग के तौर पर सोमवार को लागू किया जा रहा है। यदि प्रयोग सफल रहा तो इसे स्थायी तौर पर लागू किया जाएगा। इस यातायात प्लान तैयार करने के लिए चर्चा, जांच के साथ ही आम लोगों से भी जानकारी ली गई है।
यहां रुकेंगी रोडवेज व प्राइवेट बसें
प्राइवेट बसों के लिए शहर से बाहर अलग-अलग स्टॉपेज तय किए गए हैं। सहजनवां और बड़हलगंज की तरफ से आने वाली प्राइवेट बसें बाघागाड़ा, देवरिया की तरफ से आने वाली प्राइवेट बसें रामनगर कड़जहां, कुशीनगर से आनी वाली प्राइवेट बसें जगदीशपुर कोनी, महराजगंज से आने वाली प्राइवेट बसें मेडिकल कॉलेज के पास खड़ी होंगी। सोनौली और फरेंदा से आने वाली प्राइवेट बसें महेसरा पर खड़ी होंगी।
नौसड़ और राप्ती नगर डिपो से संचालित होंगी रोडवेज की बसें
शहर में जाम लगाने में रोडवेज बसों की अहम भूमिका रहती है। बस अड्डे के पास जहां इन्हें बेतरतीब तरीके से सड़क पर अक्सर खड़ा कर दिया जाता वहीं खटारा बसें आए दिन कहीं भी खराब हो जाती हैं। इसकी वजह से भी जाम लगता है। यही वजह है कि सोमवार को रोडवेज की बसों को भी शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। रोडवेज की बसों को नौसड़ और राप्ती नगर डिपो से संचालित किया जाएगा।
सोमवार को इन रास्तों पर रहेगा वन वे
- पैडलेगंज से लेकर छात्रसंघ चौराहे तक ट्रैफिक वन वे रहेगा।
- छात्रसंघ चौराहा से लेकर यूनिवर्सिटी चौराहे तक तक वन वे रहेगा।
- यूनिवर्सिटी चौराहे से मोहद्दीपुर तक वन वे की व्यवस्था रहेगी।
- पैडलेगंज से मोहद्दीपुर तक ट्रैफिक संचालन सामान्य रहेगा।
यहां रहेगा डायवर्जन, इन रास्तों से जाएंगे वाहन
- नौसड़ तिराहा, नौकायन तिराहा से पैडलेगंज की तरफ आने वाले वाहन छात्रसंघ, यूनिवर्सिटी चौराहा, मोहद्दीपुर होते हुए अपने गंतव्य पर जाएंगे।
- कूड़ाघाट और कौवाबाग, चार फाटक से आने वाले वाहन मोहद्दीपुर चौराहे से पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा, यूनिवर्सिटी चौराहा होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। मोहद्दीपुर से यूनिवर्सिटी चौराहे की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
- छात्रसंघ चौराहे से लेकर पैडलेगंज चौराहे की तरफ वाहनों के जाने पर रोक रहेगी। यहां से जाने के बजाय वाहन मोहद्दीपुर होकर अपने गंतव्य पर जाएंगे।
- यूनिवर्सिटी चौक से लेकर छात्रसंघ चौराहे की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। यूनिवर्सिटी चौक से होते हुए मोहद्दीपुर होकर ट्रैफिक का संचालन जारी रहेगा।
- शास्त्री चौराहे से लेकर अंबेडकर चौराहे तक जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी, कचहरी चौराहा होते हुए ये वाहन डायवर्ट होंगे।
- अंबेडकर चौराहे से नौसड़ की तरफ जाने वाले वाहन एडीजी आफिस के सामने से होते हुए दाहिने मुड़कर बेतियाहाता चौराहे की तरफ से जाएंगे।
नौसड़ और चंपा देवी पार्क में खड़ी होंगी रोडवेज बसें
- लखनऊ और वाराणसी से आने वाली रोडवेज बसों को नौसड़ में रोका जाएगा, उनको वहीं खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।- कुशीनगर और देवरिया से आने वाली रोडवेज की बसें देवरिया बाईपास होते हुए हनुमान मंदिर तिराहे से दाहिने मुड़कर नौकायन होते हुए चंपा देवी पार्क में खड़ी कराई जाएंगी।
- फरेंदा, सोनौली और महराजगंज की तरफ से आने वाली बसों को राप्ती नगर डिपो में खड़ा किया जाएगा।
- महराजगंज से आने वाली रोडवेज की बसें मेडिकल कॉलेज के पास खड़ी होंगी।
ट्रकों का दिन में प्रवेश पहले से ही वर्जित
ट्रक सहित अन्य भारी वाहनों का शहर में दिन में प्रवेश पहले से ही वर्जित है। सुबह सात बजे से रात 10 बजे तक इन वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाता है।रास्तों पर खड़ी की गाड़ी तो ले जाएगी क्रेन
कई लोग अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर देते हैं। ऐसे में पीछे से आने वाले लोगों को आगे निकलने में परेशानी होती है, इससे जाम लग जाता है। ऐसे में सड़क किनारे बनी सफेद पट्टी को पार कर सड़क के बीच खड़े होने वाले वाहनों को ट्रैफिक पुलिस की क्रेन उठाकर यार्ड में जमा कराएगी। इस पर भारी भरकम जुर्माना वसूल किया जाएगा।हॉस्पिटल परिसर में ही उतारे जाएंगे मरीज
छात्रसंघ चौराहे के आसपास पार्किंग की समस्या बनी हुई है. यहां अस्पतालों का हब बन चुका है। हॉस्पिटल में आने वाले मरीज और उनके तीमारदार बीच सड़क गाड़ी रोककर उतरते हैं। मरीजों को उतारने और बैठाने के दौरान काफी वक्त लगता है। ऐसे में आगे पीछे दोनों ओर जाम लगता है। इसको देखते हुए अस्पताल संचालकों को हिदायत दी गई है कि अपने परिसर में ही मरीजों को चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था करें। वाहन खड़े करने, मरीजों को चढ़ाने और उतारने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करें।एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयोग के तौर पर प्लान तैयार किया गया है। सोमवार को इसका ट्रायल होगा। पूर्व में हुई मीटिंग में इसका फैसला लिया गया था। जनता के सहयोग से सभी को जाम से निजात दिलाने के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। सरकारी और प्राइवेट बसों के लिए स्थान तय किए गए हैं। प्रयोग सफल रहा तो इसे नियमित किया जाएगा। अगर कहीं दिक्कत आई तो उसे समझकर सुधारा जाएगा।