गोरखपुर: झाड़ी में फेंका मिला नवजात का शव, मौत के बाद फेंकने की आशंका
- सहजनवां पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा, प्रधान प्रतिनिधि ने दी तहरीर
- शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं, मौत के बाद फेंकने की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर सहजनवां इलाके के बखिरा मार्ग पर घघसरा बाजार के पास सड़क किनारे झाड़ी में एक नवजात का शव मिला। चरवाहों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे।
आशंका यही है कि बच्चा जन्म लेते ही मर गया होगा जिसके बाद लाकर फेंका गया है। गांव के प्रधान प्रतिनिधि रमेश चंद्र मद्धेशिया ने चौकी में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, सहजनवां-बखिरा मार्ग पर हड़ही कोडरी गांव के पास नवजात को सड़क किनारे गड्ढे में फेंका गया था। रविवार की दोपहर भैंस चराने गए लोगों की नजर बच्चे के शव पर पड़ी तो पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पाते ही चौकी इंचार्ज विशाल उपाध्याय मौके पर पहुंच गए। मंझरिया, घघसरा गांव के प्रधान प्रतिनिधि भी पहुंचे। उन्होंने मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ दिनेश मिश्रा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
18 मई को बड़हलगंज में दर्ज हुआ था केस
18 मई को बड़हलगंज इलाके के सकराखोर गांव के बागीचे में नवजात बच्ची मिली थी। पुलिस ने उसे अस्पताल और फिर चाइल्ड लाइन भेज दिया। इस मामले में बाद में 20 मई को पुलिस ने समाजसेवी प्रणव द्विवेदी की तहरीर पर केस दर्ज किया है लेकिन अभी तक इस मामले में पुलिस कुछ नहीं कर सकी है।
पुलिस जांच जारी होने का हवाला तो देती है लेकिन आज तक यह पता नहीं चल सका है कि बच्ची कहा से लाई गई। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, बाहर से लाकर फेंके जाने की आशंका है।