नगर विधायक ने पकड़ा डूडा कार्यालय का गड़बड़झाला, पहले से बनी सड़क का मुख्यमंत्री से करा लिया शिलान्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर नगर निगम के सेमरा नंबर एक वार्ड में जो सड़क पहले से बनी हुई थी, डूडा प्रशासन ने उसका भी शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करा लिया है। यह मामला भाजपा के नगर विधायक डॉ आरएमडी अग्रवाल ने पकड़ा है। पता चला है कि 550 मीटर की प्रस्तावित सड़क का 250 मीटर हिस्सा पहले ही बन चुका था। 300 मीटर सड़क बननी थी, लेकिन डूडा के अफसरों ने 550 मीटर की सड़क का प्रस्ताव व बजट बनाकर भेज दिया। इसकी स्वीकृति भी मिल गई थी।
मुख्यमंत्री ने आठ अक्तूबर को शहर की 150 से ज्यादा सड़कों का शिलान्यास किया। तब सीएम योगी ने कहा था कि संज्ञान में आया है कि 300 मीटर सड़क बनाकर 700 मीटर का भुगतान कराया जा रहा है। इसके बाद डूडा कार्यालय में पूरे दिन ऐसी बनी हुई सड़कों की तलाश की गई, लेकिन एक भी मामला नहीं मिल सका।
विधायक के मुताबिक इस वार्ड में नगर निगम ने 250 मीटर सीसीरोड बनवाई थी। इस सड़क को भी जोड़कर 55.50 लाख रुपये की लागत की 550 मीटर इंटरलाकिंग सड़क का शिलान्यास मुख्यमंत्री से करा लिया गया है। सड़क का निर्माण होता और भुगतान किया जाता, इससे पहले ही मामला पकड़ लिया गया। यह दोहरे भुगतान के प्रयास का खेल है।
विधायक ने कहा कि अवर अभियंता दो महीने पहले ही निरीक्षण कर जान चुके थे कि 250 मीटर हिस्से में सड़क बनाई जा चुकी है, फिर भी इसे जोड़कर 300 मीटर की जगह 550 मीटर सड़क का शिलान्यास कराया गया। यह मामला बेहद गंभीर है। पूरे मामले की जांच कराके आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही सड़क का नया इस्टीमेट बनाकर भेजा जाना चाहिए। नगर विधायक के एक भी सवाल का जवाब अवर अभियंता नहीं दे सके। इस मौके पर स्थानीय पार्षद प्रभाकर पासवान, बृजेश सिंह, अवर अभियंता डीके सिंह मौजूद रहे।
पूर्व पार्षद की शिकायत के बाद पहुंचे थे निरीक्षण करने
सेमरा वार्ड के पूर्व पार्षद महेश पासवान ने नगर विधायक से इस संबंध में शिकायत की थी। बृहस्पतिवार सेमरा पहुंचे नगर विधायक के निरीक्षण में सामने आया कि 550 मीटर में 250 मीटर में सड़क पहले ही सीसी बनवाई जा चुकी है।
26 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क का डूडा पीओ ने किया था निरीक्षण
सेमरा नंबर एक के पार्षद प्रभाकर पासवान का कहना है कि तकरीबन तीन महीने पहले नगर निगम ने सेमरा नंबर एक वार्ड में बीरबल के मकान से रामअवध के घर होते हुए मलिन बस्ती तक के करीब 550 मीटर सड़क में से 250 मीटर सड़क का निर्माण कराया था। इसे करीब 26 लाख रुपये की लागत से नगर निगम निधि से बनाया गया था। करीब डेढ़ महीने डूडा परियोजना अधिकारी ने इस सड़क का निरीक्षण भी किया था।
अपर नगर आयुक्त व परियोजना निदेशक डीके सिन्हा ने बताया कि सड़क का जितना काम बचा है, उतना ही कराया जाएगा। किसी तरह की अनियमितता नहीं होने पाएगी। जो बजट बचेगा, उसे सूडा को वापस कर दिया जाएगा। अभी कार्यों का शिलान्यास हुआ था, लेकिन निर्माण कार्य नहीं शुरू हो सका। इसी तरह वार्ड 21 की एक सड़क का निर्माण विधायक निधि से हो गया है। इसका पैसा भी सूडा को वापस कर दिया जाएगा।
डूडा परियोजना अधिकारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि यह दो साल पुरानी डीपीआर है। जिसे नगर निगम द्वारा बनाया गया है। सेमरा वार्ड में कुछ हिस्से में सीसी सड़क का निर्माण किया गया है। हमारा काम रबर मोल्डिंग इंटरलॉकिंग का है। ऐसे में रबर मोल्डिंग इंटरलॉकिंग की जगह सीसी रोड का भुगतान करा लेना संभव नहीं है। जो रोड बन गई है उसको छोड़कर डीपीआर में जो क्षेत्र आते हैं उसका भुगतान कराया जाएगा। सभी तरह की जांच के बाद ही ठेकेदार को भुगतान किया जाएगा।