गोरखपुर: सरैया बाजार में ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, शिक्षण संस्थान तक पहुंचीं लपटें
मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद अतिरिक्त दमकल गाड़ी बुलाने के लिए सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
विस्तार
गुलरिहा थाना क्षेत्र के सरैया बाजार में रविवार को ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें दुकान से फैलकर ऊपर स्थित गुरुकुल शिक्षण संस्थान तक पहुंच गईं। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर चौहान टोला निवासी फूलचंद कनौजिया के बेटे प्रेमचंद कनौजिया सरैया बाजार में गुरुकुल शिक्षण संस्थान संचालित करते हैं। इसी भवन के निचले हिस्से में गणेश जी ऑटो पार्ट्स नाम से दुकान है। यहां अंशुमान चौधरी ऑटो पार्ट्स का कारोबार करते हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से दुकान में रखे मोबिल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से होते हुए पूरे भवन में फैलने लगी। धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद अतिरिक्त दमकल गाड़ी बुलाने के लिए सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। आग से दुकान और शिक्षण संस्थान के भवन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जा सकेगा।