कुशीनगर में मिले 6 नए कोरोना पॉजिटिव, जिले में संक्रमितों की संख्या हुई 36
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुशीनगर जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। बुधवार देर रात चार और गुरुवार शाम को 2 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के साथ कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है। रामकोला और जटहां बाजार क्षेत्र में मिले मरीजों के गांवों को भी कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है।
पिछले छह दिनों में कोरोना के 25 संक्रमित मरीज मिलने से जनपदवासियों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार देर रात कंफर्म हुए संक्रमित मरीजों में रामकोला थाना के सिधावे का 30 वर्षीय युवक, महुअवा धनहा(पश्चिम चंपारण, बिहार) का32 वर्षीय युवक, बेतिया पडरौना का 31 वर्षीय युवक और नेबुआनौरंगिया के खजुरिया गांव का 11 वर्षीय बालक शामिल है। जबकि दिन में तीन पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। इससे पहले 30 मई को छह, एक जून को सात और दो जून को कोरोना के तीन संक्रमित मिले थे।
एडीएम विंध्यवासिनी राय ने बताया कि अब तक 34 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें कुछ ऐसे भी हैं, जिनके गांव में एक से अधिक मरीज हैं। इस बीमारी का संक्रमण और न फैले, इसलिए इनके गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 24 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि कोरोना का संक्रमण जिले में बढ़ने से रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तथा मुंह पर मास्क लगाएं।
विशुनपुरा क्षेत्र में मिले हैं तीन संक्रमित, गांव सील
विशुनपुरा क्षेत्र के खजुरिया गांव में दो सगे भाई-बहनों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बेतिया गांव के ठोरी टोले पर मध्य प्रदेश से आए 31 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई। एसडीएम सदर, बीडीओ ने टोले को सील कराकर सफाई कार्य शुरू करा दिया।
युवक को लक्ष्मीपुर में बने अटैच एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया। इस युवक के संपर्क में आए परिवारवालों के अलावा कुछ और लोगों से घर में ही रहने की अपील की गई है। बुधवार को खजुरिया गांव के नुनिया टोली निवासी भाई-बहन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद देर शाम को दोनों को लक्ष्मीपुर के हॉस्पिटल में भेज दिया गया था।
बेतिया गांव के ठोरी टोले पर एक जून को 31 वर्षीय युवक के साथ मध्य प्रदेश से चार लोग साथ आए थे। इन लोगों को कंपनी की तरफ से वाहन से भेजवाया गया था। युवक के अलावा अन्य तीनों युवक दुदही क्षेत्र के हैं। युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर एसडीएम रामकेश यादव, बीडीओ आनंद प्रकाश, एडीओ पंचायत रामायण रामायण गुप्ता, सचिव राजेश यादव, ग्राम प्रधान मानबहादुर चौरसिया पहुंचे। प्रभावित टोले को सील कर हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. विमलेंदु भूषण भी टीम के साथ पहुंचे। गांव में सफाई कराई गई। युवक के परिवार में 15 लोग हैं और वह ठेले पर अंडा भी खाया था। करीब 45 लोग उसके संपर्क में आए हैं, जिन्हें घर में ही रहने की अपील की गई है।
रूस से लौटा वेल्डर कोरोना पॉजिटिव
एसडीएम, सीओ व सीएचसी प्रभारी के साथ पहुंची स्वास्थ्य टीम ने संक्रमित को जिला अस्पताल भेजा। उसके परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन की सलाह दी गई है। चंदरपुर बौलिया का यह युवक रूस की एक कंपनी में वेल्डर था। लॉकडाउन के बाद उड़ान शुरू होने पर वह घर आया। दूसरे दिन वह रामकोला सीएचसी पहुंचा, जहां थर्मल स्क्रीनिंग में सबकुछ सामान्य मिला।
जिला अस्पताल में भी स्क्रीनिंग के दौरान भी सामान्य था। बावजूद इसके युवक के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बृहस्पतिवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके विश्वकर्मा सहित पूरी स्वास्थ्य टीम, एसडीएम कप्तानगंज अरविंद कुमार, सीओ खड्डा शिवस्वरूप, एसओ रामकोला केपी सिंह मयफोर्स चंदरपुर बौलिया पहुंचे और युवक को जिला अस्पताल भेजवाया।
11 सदस्यों वाले इस परिवार के शेष 10 सदस्यों को होम क्वारंटीन की सलाह दी गई है। रामकोला-कप्तानगंज मार्ग के समीप स्थित इस टोले के मार्ग को सील कर दिया गया है। गांव के लोगों को भी होम क्वारंटीन की हिदायत दी गई। गांव में किसी भी तरह की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। रामकोला क्षेत्र में पहला कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
झोलाछाप से लिया था ताकत का इंजेक्शन
रूस से लौटे युवक ने बताया कि जब थर्मल स्क्रीनिंग में उसकी रिपोर्ट नार्मल मिली तो काफी सुकून महसूस किया। इसके बाद उसे कुछ कमजोरी महसूस हुई तो उसने गांव के एक झोलाछाप से ताकत का इंजेक्शन लगवाया। उसने होम क्वारंटीन का बखूबी पालन किया है और परिवार के सदस्यों से भी दूरी बनाकर रखी है। जबकि गांव के लोगों का कहना है कि वह चौराहे पर कई बार पान खाने जाता रहा है। हालांकि इस बात को स्वीकार करते हुए युवक का कहना है कि पान खाने के दौरान भी उसने सोशल डिस्टेंसिंग का खयाल रखा है।