गोरखपुर में कमिश्नर के पीए और दो डॉक्टर समेत 20 मिले कोरोना पॉजिटिव, दो संक्रमितों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। कमिश्नर के पीए, एक होमगार्ड और दो डॉक्टर समेत 20 लोग शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें शहर के 13 संक्रमित शामिल हैं। वही, बीआरडी में एक बुजुर्ग और लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती एक महिला की मौत हो गई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 548 हो गई है, जबकि मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। हालांकि, 355 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, 40 वर्षीय कमिश्नर के पीए और 45 वर्षीय एक होमगार्ड कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। एहतियात के तौर पर इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इनके अलावा संक्रमितों में बीआरडी की 40 वर्षीय दो महिला व 30 वर्षीय एक युवक पॉजिटिव पाए गए हैं।
बशारतपुर निवासी 25 वर्षीय युवक, 30 वर्षीय रेलवे अस्पताल के एक डॉक्टर, प्रयागपुरम बड़गो रोड की 40 वर्षीय महिला, राजघाट के रायगंज उत्तरी निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति, जाहिदाबाद निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति, कूड़ाघाट निवासी 59 वर्षीय महिला, भ्रष्टाचार निवारण विभाग, पुलिस लाइंस के 36 वर्षीय व्यक्ति, साहबगंज निवासी 27 वर्षीय युवक, सरयूपुरम निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति, दिव्य नगर के रहने वाले 37 वर्षीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के डॉक्टर, रानीडिहा के 38 वर्षीय व राप्तीनगर फेज तीन के 32 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
निगेटिव आई कमिश्नर की रिपोर्ट
ग्रामीण क्षेत्र में सहजनवां के बड़ेगांव निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति व पिपरा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति, बरहुआ निवासी 35 वर्षीय महिला, कैंपियरगंज के रामनगर जंगल बधावन निवासी आठ वर्षीय बच्ची व ब्रह्मपुर के खैरखूटा निवासी 25 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ ने बताया कि सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कमिश्नर जयंत नार्लिकर को जब शुक्रवार को पीए के रिपोर्ट की जानकारी मिली तो वह महराजगंज के दौरे पर थे। उन्होंने तत्काल ट्रूनेट मशीन से अपनी जांच कराई। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्होंने राहत की सांस ली है। एहतियात के तौर पर कमिश्नर कार्यालय में तैनात कई कर्मियों के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
एक की लखनऊ और एक की बीआरडी में मौत
गोरखनाथ निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत खराब होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में आठ जुलाई को भर्ती कराया गया था। उन्हें हार्ट व हाइपर टेंशन की शिकायत थी। बृहस्तपतिवार को नमूना जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस बीच उनकी मौत हो गई।
इनके अलावा गोरखपुर निवासी 52 वर्षीय महिला किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भर्ती थीं। उन्हें किडनी की बीमारी थी। पांच दिन पूर्व वह कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। बृहस्पतिवार देर रात उनकी मौत हो गई। दोनों लोगों के शव कोविड-19 के तहत परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
संक्रमितों के इलाके सील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि शहर के जिन इलाकों में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, उन्हें सील कर सैनिटाइजेशन शुरू कर दिया गया है। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर 250 मीटर परिधि क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन तथा 500 मीटर की परिधि क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया गया है।
हर व्यक्ति के स्वास्थ्य की होगी जांच
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमितों के पूरे परिवार की कोराना जांच कराई जाएगी। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। बाहर से आने वाले सभी लोगों की जांच कराई जाएगी। पूल टेस्टिंग के जरिए नमूने लिए जा रहे हैं।