गोरखपुर: माफिया राकेश यादव का मकान और साथी की गाड़ी जब्त, दर्ज हैं 50 मुकदमे
माफिया राकेश यादव का गुलरिहा के झुंगिया बाजार में मकान है। पत्नी व बच्चों को दूसरे हिस्से में शिफ्ट कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के टॉप-10 बदमाशों की सूची में शामिल माफिया राकेश यादव और उसके साथी दिनेश यादव की संपत्ति को प्रशासन ने रविवार को जब्त कर लिया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने गुलरिहा के झुंगिया स्थित राकेश के मकान के एक तल को सील कर दिया है। राकेश के साथी दिनेश के ऑटो को जब्त किया है। दोनों पर आरोप है कि अपराध के धन से संपत्ति बनाई है। राकेश देवरिया जेल में बंद है।
जानकारी के मुताबिक, माफिया राकेश यादव के खिलाफ नौ जून-2020 को हत्या की कोशिश सहित कई धाराओं में आशीष उर्फ छोटू प्रजापति की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था। इसके बाद उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ गैंग को पंजीकृत किया गया। राकेश पर आरोप था कि उसने विपिन सिंह सहित अन्य को सुपारी देकर हत्या कराने का प्रयास किया था। इसी मामले में उसके विरोधी को गोली मारी गई थी, हालांकि वह बच गया था।
विपिन सिंह ने दोबारा राकेश के विरोधी को मारने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में उसी का एनकाउंटर हो गया। उधर, राकेश पर पिपराइच और गुलरिहा थाने में केस दर्ज हुआ। राकेश और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करने के साथ ही अपराध से कमाई गई संपत्ति का भी पूर्व थानेदारों ने लेखाजोखा तैयार किया था।
इसी क्रम में डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, थाना प्रभारी गुलरिहा चंद्रहास मिश्रा, पिपराइच इंस्पेक्टर मधुप कुमार मिश्रा, चिलुआताल इंस्पेक्टर विनोद कुमार अग्निहोत्री और महिला थाना प्रभारी प्रभा सिंह की टीम ने रविवार को राकेश यादव का मकान सील कर जब्ती की कार्रवाई की। टीम ने राकेश के गैंग के गुर्गे जंगल छत्रधारी टोला शाहगंज थाना पिपराइच निवासी दिनेश यादव के ऑटो को भी जब्त किया। आरोप है कि दिनेश ने अपराध की कमाई से ऑटो खरीदा था।
घर में मौजूद थीं मां-पत्नी
जिस समय प्रशासन की टीम राकेश के मकान को सील करने की कार्रवाई के लिए पहुंची उस समय उसकी मां कौशल्या, पत्नी अनीता यादव, भाई योगेश यादव और दो बच्चे घर में मौजूद थे। टीम ने राकेश के दो कमरे और रसोई जो प्रथम तल पर है, उसे ही जब्त किया है। बाकी हिस्से में परिवार के लोग मौजूद हैं।
राकेश पर दर्ज हैं 50 मुकदमे
राकेश यादव पर 50 मुकदमे दर्ज हैं। हाल में विपिन सिंह के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद वह फिर सुर्खियों में आया। पुलिस ने शिकंजा कसा तो कोर्ट में हाजिर हो गया था। पुलिस ने राकेश की 74 लाख 95 हजार रुपये की अवैध संपत्ति खोजी है, जिस पर एक-एक कर कार्रवाई होनी है।
राकेश के भाई व उसकी पत्नी पर दर्ज हुआ था जालसाजी का केस
राकेश के भाई चंद्रशेखर यादव और उसकी पत्नी रेनू यादव पर फर्जी डिग्री पर प्राथमिक विद्यालय में नौकरी करने का मामला सामने आने पर गुलरिहा थाने में तैनात रहे दरोगा अजय कुमार वर्मा की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था। इस मामले में नौकरी दिलाने वाले को भी आरोपी बनाया गया था।