Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Lives of 2000 Residents in 24 Nursery Village Hinge on Dilapidated Wooden Bridges

दुश्वारियों का जंगल: 24 नर्सरी गांव तक नहीं पहुंच रहीं सुविधाएं, जर्जर पुल और कीचड़ भरे रास्ते बने मुसीबत

Wed, 25 Nov 2026 11:04 PM IST
अनुराग रंजन शरद पाण्डेय, गोरखपुर
शरद पाण्डेय, गोरखपुर Published by: अनुराग रंजन Updated Wed, 25 Nov 2026 11:04 PM IST
सार

महराजगंज के मधवलिया रेंज स्थित वनटांगिया गांव 24 नर्सरी के करीब दो हजार लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जिंदगी गुजार रहे हैं। गांव से चौक बाजार और निचलौल जाने वाले रास्तों पर ब्रिटिशकाल के जर्जर लकड़ी के पुल हैं। कीचड़ भरे रास्तों और पुलों के कारण बारिश में आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। तीन महीने तक गांव में ऑटो भी नहीं चलते और इमरजेंसी में एंबुलेंस पहुंचना मुश्किल है। सड़क और पक्का पुल बनाने की योजना भी अधूरी पड़ी है। इसका असर इलाज, शिक्षा, रोजगार और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है।

विज्ञापन
Lives of 2000 Residents in 24 Nursery Village Hinge on Dilapidated Wooden Bridges
निचलौल की तरफ से जाने वाले रास्ते पर जर्जर काठ का पुल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जंगल के बीच इनसानों की आवाजाही की तस्दीक करती कच्ची सड़क कीचड़ में खोई हुई है। एक हाथ में पति के जूते और गोद में दो साल का मासूम। दूसरे हाथ से साड़ी संभालती महिला घूंघट की ओट से कीचड़ के बीच राह तलाशती दिखती है। पीछे पति शैलेंद्र बाइक लेकर निकलने की जद्दोजहद में हैं। आगे लकड़ी का जर्जर पुल पार करने की चुनौती पड़ी हुई है।

विज्ञापन

महराजगंज के निचलौल क्षेत्र से सटे मधवलिया रेंज में बसे वनटांगिया गांव 24 नर्सरी के करीब दो हजार बाशिंदों के लिए यह रोजाना की चुनौती है। दवा इलाज, रोजगार और गृहस्थी की सामान्य जरूरतों के लिए इस गांव के लोगों के लिए जंगल से बाहर एक तरफ करीब नौ किलोमीटर की दूरी पर चौक बाजार है तो दूसरी तरफ 18 किलोमीटर दूर निचलौल कस्बा। दोनों रास्तों पर जंगल का खौफ और दुश्वारियां एक ही जैसी हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

Lives of 2000 Residents in 24 Nursery Village Hinge on Dilapidated Wooden Bridges
चौक की तरफ निकलने वाले रास्ते पर काठ का पुल - फोटो : अमर उजाला

ब्रिटिश हुकूमत के समय का बना काठ का एक पुल चौक बाजार तो दूसरा निचलौल के रास्ते में है। दोनों पुल ऐसी जर्जर हालत में हैं कि पैदल गुजरते हुए भी धड़कनें बढ़ जाती हैं। वन विभाग की तरफ से ईको टूरिज्म विकसित करने की योजना के तहत चौक बाजार की तरफ एक पक्का पुल बनवाया जा रहा है जो मियाद पूरी होने के बाद भी अधूरा पड़ा है।
फिलहाल 24 नर्सरी गांव के लोगों के विकास की गाड़ी इन्हीं काठ के पुलों पर अटकी हुई हुई है। पत्नी और बच्चे को लेकर निचलौल क्षेत्र के बोदना गांव बहन के घर जा रहे शैलेन्द्र कभी हालात तो कभी किस्मत को कोसते हैं। कहते हैं कितनी भी इमरजेंसी हो, गांव से निकलकर निचलौल या चौक बाजार जाने के लिए हिम्मत जुटानी पड़ती है। बरसात के दिनों में अगर किसी रिश्तेदार के घर जाना हुआ तो घर से कम से कम 10 किलोमीटर दूर जाकर ही जूते पहन पाते हैं।

पत्नी का इलाज कराने निचलौल के लिए निकले 24 नर्सरी गांव के रहने वाले शिवशंकर बताते हैं कि जरा भी बारिश सफर की मुश्किलें बढ़ा देती है। वन विभाग के नियमों में अटकी सड़क पर सामने कोई जंगली जानवर आ जाए तो भागकर बच पाना भी मुश्किल है। कीचड़ भरे रास्ते पर जानवरों से खतरा और बढ़ जाता है। यही वजह है कि गांव में मौजूद उच्च प्राथमिक विद्यालय में आठवीं के बाद अधिकतर बच्चों की पढ़ाई बंद हो जाती है।

विज्ञापन

तीन महीने ऑटो भी नहीं चलते गांव से

Lives of 2000 Residents in 24 Nursery Village Hinge on Dilapidated Wooden Bridges
हाथ पति के जूते और गोद में बच्चे को लेकर कीचड़ से निकलती महिला - फोटो : अमर उजाला

24 नर्सरी गांव में माया बताती हैं मकबूल और सुरजू चौक बाजार तक ऑटो चलाते हैं। नौ किलोमीटर की दूरी के लिए 40 रुपये किराया तो लेते हैं लेकिन एक सहारा रहता है। माया मायूसी भरे लहजे में कहती हैं कि बरसात में तीन महीने ये दोनों ऑटो भी नहीं चलते। गांव तक इमरजेंसी में भी एम्बुलेंस नहीं आ पाती ऐसे में यही ऑटो काम आते हैं। हालांकि रात में जंगल के रास्ते पर निकलने के लिए टोले के आठ-दस लोगों को जुटाना पड़ता है।

विज्ञापन

खेती है पर कमाई नहीं

Lives of 2000 Residents in 24 Nursery Village Hinge on Dilapidated Wooden Bridges
लकड़ी के जर्जर पुल को लेकर जंगल में पेड़ पर लगा चेतावनी बोर्ड - फोटो : अमर उजाला

24 नर्सरी गांव से सब्जियां खरीदकर आ रहे बोदना गांव के मुनीब ने अपनी चप्पल साइकिल पर सब्जियों के साथ बांध रखी है। बताते हैं, कीचड़ में साइकिल फंसने और काठ के पुल पर पहुंचने पर एक-एक कर सब्जी की बोरियां कंधे पर पार कराते हैं और फिर साइकिल पर लाद लेते हैं। कम ही व्यापारी 24 नर्सरी गांव तक जाते हैं इसलिए वहां सब्जियां सस्ती मिल जाती हैं और ठूठीबारी व निचलौल के बाजार में मुनाफा भी। गांव के लोग और करें भी क्या, मजबूरी में खेती करते हैं।

Lives of 2000 Residents in 24 Nursery Village Hinge on Dilapidated Wooden Bridges
सब्जियां लेकर जंगल के रास्ते जाता व्यापारी - फोटो : अमर उजाला
ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने की योजना के तहत चौक बाजार की तरफ से सड़क और पक्का पुल बनवाने के लिए विभाग की ओर से ठेका दिया गया था। इससे 24 नर्सरी गांव के लोगों को भी पास के कस्बे तक जाने का रास्ता मिल जाता। समयसीमा बीतने के बाद भी काम अधूरा है। ठेकेदार को चेतावनी दी गई है। उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।  -अजीत भास्कर, वन क्षेत्राधिकारी, मधवलिया रेंज

राजस्व गांव का दर्जा मिलने के बाद 24 नर्सरी को महेशपुर ग्राम पंचायत से जोड़ दिया गया। इसमें कुल पांच टोले हैं। महेशपुर निचलौल से सटा हुआ करीब 15 किलोमीटर दूर है। सुविधाएं तो दूर प्रधान से भी मिलना मुश्किल होता है। - रोशन लाल, अध्यक्ष, वनटांगिया उप समिति

करीब 40 बरस पहले ब्याह कर इस गांव में आई थी। इतने बरसों में सिर्फ ईंट के मकान बन गए और कुछ भी नहीं बदला। सारी परेशानियां पहले की तरह ही बरकरार हैं। कोई जरूरत पड़ जाए तो देर-सबेर गांव से निकल पाना मुश्किल होता है।  - जोखना, 24 नर्सरी

गांव से चौक बाजार या निचलौल तक जाना बड़ी चुनौती है। चूंकि बड़ी मंडी और थाना निचलौल में हैं इसलिए लोगों को 18 किलोमीटर की दूरी तय करनी ही होती है। जंगल के रास्ते निचलौल पहुंचना बारिश के समय ज्यादा मुश्किल हो जाता है।  - रमेश, 24 नर्सरी गांव
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed