लिंक एक्सप्रेस-वे: औद्योगिक गलियारे में पेप्सिको कंपनी लगाएगी बॉटलिंग प्लांट, 1071 करोड़ रुपये का होगा निवेश
मेसर्स वरुण बेवरेजेस यहां 1071.28 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी की ओर से जल्द ही यूनिट लगाने का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इस सुपर मेगा इनवेस्टमेंट से प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से करीब 1500 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में अब सुपर मेगा इनवेस्टमेंट होने जा रहा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के औद्योगिक गलियारे में पेप्सिको बॉटलिंग प्लांट लगाने जा रही है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने इसके लिए 45 एकड़ जमीन आवंटित कर दी है। 1071 करोड़ रुपये के निवेश से लगने जा रहे इस प्लांट से करीब 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर परिवहन का बेहतर माध्यम बनने के साथ ही गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे उद्योगों के लिए बेहतर प्लेटफार्म बनने जा रहा है। लिंक एक्सप्रेस-वे के नजदीक औद्योगिक गलियारे के लिए गीडा की तरफ से अधिग्रहित जमीन पर मल्टीनेशनल कंपनी पेप्सिको कंपनी की ओर से सुपर मेगा इनवेस्टमेंट की शुरुआत हो गई है। पेप्सिको कंपनी की दूसरी सबसे बड़ी बॉटलिंग यूनिट मेसर्स वरुण बेवरेजेस को 45 एकड भूमि प्लांट लगाने के लिए आवंटित कर दी गई है।
1071.28 करोड़ रुपये का होगा निवेश
मेसर्स वरुण बेवरेजेस यहां 1071.28 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी की ओर से जल्द ही यूनिट लगाने का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इस सुपर मेगा इनवेस्टमेंट से प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से करीब 1500 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।
गीडा ने पहले चरण में आवंटित की 45 एकड़ जमीन
पेप्सिको की बॉटलिंग यूनिट मेसर्स वरुण बेवरेजेस की ओर से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के समीप औद्योगिक गलियारे के लिए गीडा के अधिसूचित क्षेत्र ग्राम नरकटहा में 60 एकड़ भूमि की मांग यूनिट लगाने के लिए की गई थी। इस यूनिट में कंपनी कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स, बेवरेज बेस्ड सिरप, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, जूस ड्रिंक्स, मिल्क बेस्ड ड्रिंक्स, वैल्यू एडेड डेयरी प्रोडक्ट्स का उत्पादन करेगी। वहीं, गीडा की तरफ से पहले चरण में कंपनी को 45 एकड भूमि का आवंटन पत्र अगले सात दिनों में जारी कर दिया जाएगा।
गीडा के सीईओ पवन अग्रवाल ने कहा कि पेप्सिको कंपनी औद्योगिक गलियारे में बॉटलिंग प्लांट लगाने जा रही है। कंपनी करीब 1071 करोड़ रुपये निवेश कर रही है। इससे 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा।
गीडा में अरबों का निवेश, 30 हजार से ज्यादा रोजगार
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद गीडा उद्यमियों के निवेेश का पसंदीदा स्थान बन रहा है। यहां अरबों का निवेश होने जा रहा है, जिससे 30 हजार से ज्यादा रोजगार मिलने की संभावना है।
औद्योगिक विकास के जरिये रोजगार सृजन के लिए गीडा में प्लास्टिक पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री स्थापित करने की भी मंजूरी मिल चुकी है। इन दोनों के मूर्त रूप में आने के साथ ही दस हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा। यही नहीं, योगी सरकार की तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) में गीडा को करीब 2000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले।
कई उद्यमियों ने फैक्ट्रियों का निर्माण भी शुरू करा दिया है। इससे चार हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं, केयान इंडस्ट्रीज, सीपी मिल्क, तत्वा प्लास्टिक, क्वार्टरज ओपेलवेयर, आदित्य मोटर्स, बुद्धा ट्रस्ट की ओर से भी करीब 1000 करोड़ से अधिक का निवेश किया जा रहा है। इनके लगने पर 26 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।