नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की: महानगर में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी, उमड़े श्रद्धालु
की सुबह से ही जगह-जगह झांकियाें को सजाने का काम चलता रहा। शाम होते ही रंग-बिरंगी झालरों से तमाम जगहों पर सजी झांकियां चमक उठीं। जलकल भवन में शाम से ही सुंदर सजी झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। सांस्कृतिक आयोजनों के बीच मध्य रात्रि का इंतजार हुआ। जैसे ही रात के 12 बजे, बधाई और मंगल गीतों से शहर गूंज उठा। समवेत स्वर में गूंजे बधाई गीत ''नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की'' ने समूचे माहौल में भक्तिभाव में घोल दिया। पूरे दिन के उपवास के बाद प्रसाद वितरण के साथ भक्ति, उत्साह और उत्सव की जो त्रिवेणी वही उसका सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
बुधवार की सुबह से ही जगह-जगह झांकियाें को सजाने का काम चलता रहा। शाम होते ही रंग-बिरंगी झालरों से तमाम जगहों पर सजी झांकियां चमक उठीं। जलकल भवन में शाम से ही सुंदर सजी झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की मौजूदगी में रात 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गय।
जिला जेल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जेल प्रशासन की ओर से उपवास रखने वाले बंदियों के लिए विशेष रूप से भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिससे वे विधि-विधान के साथ भगवान की पूजा करते हुए व्रत का पारण कर सकें। इस मौके पर बंदियों ने बैरकों में झांकी सजाकर पूजन-अर्चन की। बंदियों ने श्रीकृष्ण की बाललीला पर आधारित कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए। इस दौरान जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय, जेलर अरुण कुमार व जेल कार्मिक मौजूद रहे।
गीता वाटिका के राधा-कृष्ण मंदिर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। मंदिर के बाहर मेले जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर लगी दुकानों पर चाट-पकौड़ों का जायका लिया। यहां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। पुलिस लाइंस में झांकियां सजाई गईं थीं, बड़ी संख्या में यहां भी श्रद्धालु पहुंचे और मेले का लुत्फ उठाया। यहां भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा।
गोपाल मंदिर में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
शहर के मोहद्दीपुर स्थित गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। भगवान की प्रतिमा को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। शाम से ही मंदिर में भक्तों की कतार लगने लगी थी। मंदिर में शाम छह बजे से भजन संध्या की शुरुआत हुई।
भजन गायक ललित सूरी और उनके साथियों ने श्रीकृष्ण के मनमोहक भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों का सिलसिला रात 11:55 बजे तक चलता रहा। जैसे ही रात के 12 बजे पूरा मंदिर प्रांगण भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। जन्म उत्सव के बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।
इस दौरान श्रीश्री गोपाल मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक कक्कड़, योगेंद्र, आनंद, सुरेंद्र, महेश आनंद, जगदीश आनंद, मनमोहन कोहली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।