Ram Mandir: रामनगरी की तरह सजी गोरक्षनगरी भी, आज घर-घर मनेगी दिवाली
गीता प्रेस में 500 लोग देखेंगे सजीव प्रसारण: 22 जनवरी को गीताप्रेस के लीला चित्र मंदिर में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसमें 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। सुबह 10 से 11 बजे तक भजन-कीर्तन किया जाएगा। इसके बाद अयोध्या से राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शुरू होगा, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन तक दिखाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या में श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर गोरक्षनगरी राममय हो गई है। शहर में हर ओर रामधुन बजाई जा रही है। शहर सजकर तैयार हो गया है। रविवार को बाजारों में खूब रौनक रही। लोगों ने झंडे, बैनर, दीयों और झालरों सहित सजावट के सामान की जमकर खरीदारी की।
सोमवार को शहर में 200 से ज्यादा मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक अनुष्ठान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। तमाम जगहों पर भंडारे का आयोजन किया गया है, जहां भक्तों में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शाम को घर-घर दिवाली मनाने की तैयारी है।
सजकर तैयार हुआ गोरखनाथ मंदिर: गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर गोरखनाथ मंदिर में 16 जनवरी से चल रहे अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया है।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित ओपन थिएटर में शाम चार बजे से गोरखनाथ मंदिर और अक्षया फाउंडेशन की ओर से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सायंकाल गोरखनाथ मंदिर सहित परिसर में स्थित सभी मंदिरों को दीपोत्सव के अंतर्गत दीपों से सजाया जाएगा। आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
गीता वाटिका में अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति सोमवार को होगी। सुबह 10 से 11 बजे तक श्रीरामचतुष्टय की पूजा की जाएगी। 11 बजे से कथा पंडाल में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को सजीव प्रसारण दिखाने के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जहां 300 लोगों एक साथ बैठकर कार्यक्रम को देखेंगे। कार्यक्रम के उपरांत भक्तों में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। सूर्यकुंड धाम में सुबह प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके बाद 21 हजार दीए जलाकर दिवाली मनाई जाएगी।
यहां होगा भंडारे का आयोजन
श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अंतर्गत 22 जनवरी को शहर में विभिन्न संगठनों की ओर से भंडारा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। श्रीश्री गोपाल मंदिर समिति की ओर से मोहद्दीपुर में दोहपर एक बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष दीपक कक्कड़ ने बताया कि भंडारे में करीब पांच हजार लोगों में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। पंजाबी समाज के जगनैन सिंह नीटू ने बताया कि शास्त्री चौक पर पंजाबी समाज की ओर से प्रसाद का वितरण किया जाएगा। कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास ने बताया कि मंदिर परिसर में दोपहर एक बजे से भंडारे का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
इन मंदिरों में होगा सजीव प्रसारण
मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, महादेव झारखंडी, हनुमान मंदिर बेतियाहाता, पंचमुखी हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास, गोलघर काली मंदिर, दाउदपुर काली मंदिर, मोहद्दीपुर गोपाल मंदिर, शाहपुर काली मंदिर, शीतला मठिया जाफरा बाजार, बुढि़या माता मंदिर, तरकुलहा माता मंदिर, जटाशंकर हनुमान मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर सहित तमाम जगहों पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा।
पंजाबी समाज ने बांटे दीये
पंजाबी समाज की ओर से रविवार को मोहद्दीपुर में 500 घरों में दीये और तेल का वितरण किया गया। दीये बांटने वालों में गुरुद्वारा कमेटी के सचिव मनमोहन सिंह, समीक्षा रमानी, अनमोल सिंह, मनकिरत सिंह, अमृतपाल सिंह, जयपाल सिंह, अचिंत्य आदि मौजूद रहे।
राम मंदिर आंदोलन के दौरान पंजाबी समाज के लोगों ने हिंदू भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया था। राममंदिर आंदोलन में सबसे पहले निहंग सिखों पर ही मुकदमा दर्ज हुआ था। महंत अवेद्यनाथ के आदेश पर आंदोलन में शामिल कारसेवकों के लिए गुरुद्वारा जटाशंकर में लंगर तैयार कराया जाता था। इस दौरान मैं खुद भी सुबह से रात तक गुरुद्वारे में सेवा कार्य करता था।-जसपाल सिंह, अध्यक्ष, जटाशंकर गुरुद्वारा कमेटी।
कोर्ट का फैसला सर्वोपरी है। हम अपने भारत का संविधान मानते हैं। मंदिर बन गया है। हम इसका स्वागत करते हैं। उसके बगल में सरकार ने मस्जिद के लिए भी जमीन दी है वह भी हम सरकार से मांग करेंगे कि जल्द से जल्द उसका भी निर्माण कार्य शुरू हो। श्रीराम सबके हैं एकता और भाईचारे के रूप में प्राण प्रतिष्ठा के दिन दीप उत्सव में दीयों को जलाकर देश में एकता सद्भावना की स्थापना करें।-आदिल अमीन, अध्यक्ष, सूफी संवाद महा अभियान।
अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम केा लेकर सिंधी समाज के लोगों में खुशी की लहर है। क्योंकि राम मंदिर आंदोलन में सिंधी समाज के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया था। बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग अयोध्या गिरफ्तार हुए थे। वहीं कई संपन्न परिवार के लोगों ने आंदोलन में लोगों की आर्थिक सहायता की थी। सिंधी समाज भी प्राण प्रतिष्ठा के दिन दिवाली मनाएगा।-साईं रविदास, गुरु सिंधी समाज
राम मंदिर आंदोलन में गीता प्रेस की पुस्तकों ने लोगों में उर्जा भरने का काम किया। गीता प्रेस से प्रकाशित कल्याण पत्रिका के संपादक रहे भाईजी हनुमान प्रसाद पोद्दार ने राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कारसेवकों की आर्थिक रूप से सहायता दी। साथ ही मंदिर में पूजन-अर्चन का भी जिम्मा उठाया था। इसके साथ ही लोगों को प्रेरित करने के लिए गीता प्रेस की पुस्तकें निशुल्क वितरित कराई।-देवी दयाल अग्रवाल, ट्रस्टी गीता प्रेस।
राम मंदिर आंदोलन में तत्कालीन गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ के नेतृत्व में राम मंदिर आंदोलन में बढ़चढ़कर भाग लिया था। उन दिनों विश्व हिंदू परिषद का कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर था। गोरक्षपीठाधीश्वर ने कहा था कि तुम भूमिगत रहते हुए कारसेवकों की मदद करो। उनके आदेश का पालन करते हुए कारसेवकों की मदद की। आंदोलन के दौरान अशोक सिंघल भी घर आए थे।-पुष्पदंत जैन, अग्रवाल समाज
राम मंदिर आंदोलन में कारसेवा के लिए अयोध्या गया था। इस दौरान मुकदना दर्ज कर मुझे जेल भेज दिया गया था। कई दिन जेल में बिताने के बाद मानीराम विधायक ओमप्रकाश पासवान ने जमानत पर रिहा कराया था। अयोध्या में भी अभी भी मुकदमा चल रहा है। उस समय की मेहनत अब सफल हुई है। भव्य राम मंदिर बन गया है। इससे बहुत खुशी हुई है। सूर्यकुंड धाम पर इसे उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।-संतोष मणि त्रिपाठी, सूर्यकुंड धाम विकास समिति।