गोरखपुर: पशु तस्कर पकड़ने कुशीनगर गए स्वाट प्रभारी छत से गिरकर घायल, इनामी बदमाश गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि देवरिया निवासी इनामी तस्कर कुशीनगर में अपनी मौसी के घर में छिपा है। स्वाट टीम ने मौके पर जाकर घेराबंदी कर दी। इस बीच टीम प्रभारी प्रदीप शर्मा का पैर फिसल गया और वे छत से नीचे गिर गए।
विस्तार
पशु तस्कर को पकड़ने कुशीनगर गए गोरखपुर स्वाट प्रभारी प्रदीप शर्मा शुक्रवार रात छत से गिरकर घायल हो गए। प्रदीप के दोनों हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। पैर में भी चोटें आई हैं। पुलिस ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
उधर, स्वाट टीम ने घेराबंदी कर 25 हजार के इनामी तस्कर इंजमामुल खान को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने तस्कर को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक, गोपनीय सूचना के बाद गोरखपुर की स्वाट टीम कुशीनगर में पशु तस्कर को पकड़ने के लिए कसया इलाके में गई थी। सूचना थी कि 25 हजार का इनामी पशु तस्कर देवरिया के तरकुलवा निवासी इंजमामुल खान अपनी मौसी के घर पर छिपा है।
पुलिस टीम देखते ही तस्करों ने किया हमला
शुक्रवार देर रात टीम लोकेशन पर पहुंची और तस्कर को घेर लिया। तस्कर और उसके साथियों को पुलिस की मौजूदगी की भनक लग गई। तस्करों ने पुलिस टीम को देखते ही उनपर हमला बोल दिया। टीम ने भी हिम्मत दिखाते हुए एक तस्कर को छत के रास्ते दौड़ा लिया। इस बीच स्वाट प्रभारी प्रदीप शर्मा ने तस्कर का हाथ पकड़ लिया और रुकने की हिदायत दी। अचानक तस्कर का हाथ छूटा और वे फिसलकर छत के नीचे जा गिरे।
गिरने से प्रदीप शर्मा का एक पैर और दोनों हाथ टूट गए। इससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्वाट प्रभारी को गोरखपुर के दाउदपुर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। इस बीच स्वाट टीम ने घेराबंदी करके पशु तस्कर इंजमामुल खान को गिरफ्तार कर लिया।
स्वाट टीम इनामी तस्कर की गिरफ्तारी के लिए कुशीनगर दबिश देने गई थी। दीवार पर चढ़ते समय पैर फिसलने के कारण स्वाट टीम प्रभारी प्रदीप शर्मा को चोटें आई हैं। इसके बावजूद स्वाट टीम ने बहादुरी दिखाते हुए 25 हजार के इनामी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। प्रदीप शर्मा और उनकी टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रोत्साहन के रूप में दिया गया हैं।
- डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी