नाकामी: उचक्कों को नहीं पकड़ पा रही गोरखपुर पुलिस, आए दिन हो रही वारदात
आए दिन हो रही वारदात, मंगलवार को भी छीना महिला का मंगलसूत्र, अब तो पुलिस बनकर भी करने लगे धोखाधड़ी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में बड़े-बड़े अपराधियों को ठिकाने लगा चुकी गोरखपुर पुलिस उचक्कों को नहीं पकड़ पा रही है। आए दिन कहीं न कहीं किसी का पर्स, मोबाइल, मंगलसूत्र, बैग आदि छिन जा रहा है। उचक्कों का हौसला इतना बढ़ चुका है कि अब वे पुलिस लाइंस के पास भी बैग छीनने की जुर्रत कर रहे हैं।
बीते शुक्रवार की रात में तगादा करने आए दिल्ली के स्टेशनरी व्यापारी का बैग उचक्कों ने कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइंस के पास छीन लिया। बैग में 70 हजार रुपये थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया लेकिन उचक्कों और रुपयों का पता नहीं लगा।
सोमवार की रात में कोतवाली इलाके के माया बाजार में लखनऊ के चश्मा व्यवसायी कृष्णचंद्र मिश्रा को पुलिस बनकर रोक लिया और जांच के बहाने बैग लेकर चंपत हो गए। बैग में 80 हजार रुपये थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया लेकिन अभी कुछ पता नहीं चला।
सोमवार को ही गुलरिहा थाने के पास टैंपो में बैठी महिलाओं ने एक अध्यापिका के गले से चेन उड़ा लिया। अध्यापिका तहरीर लेकर थाने पहुंची लेकिन केस ही दर्ज नहीं हुआ। मंगलवार को सहजनवां थाना क्षेत्र के खरेला निवासी शकुंतला देवी के गले से मंगलसूत्र खींच लिया। परिजनों ने तहरीर दी है।
खुलासा के दिन ही उड़ा दिए रुपये
सोमवार को पुलिस ने महराजगंज जिले के एक व्यापारी से 68 हजार रुपये उड़ाने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया था। मामले का खुलासा कर पुलिस अभी अपनी पीठ भी नहीं थपथपा पाई थी कि चश्मा व्यवसायी को जांच के नाम पर लूट लिया गया। अक्तूबर में मोहद्दीपुर स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने ही एक बाइक सवार की डिक्की का लॉक तोड़कर रुपये उड़ा दिए थे।
उचक्कों पर पांच हजार रुपये का इनाम
एसपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि उचक्कों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज से मिले फोटो को भी सार्वजनिक किया जाएगा। उचक्कों को पकड़वाने पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।