गोरखपुर: नगर विधायक आरएमडी अग्रवाल ने नकहा ओवरब्रिज का किया शिलान्यास, जाम से मिलेगी राहत
ओवरब्रिज बनने से गोरखनाथ इलाके में समाप्त होगा जाम, मेडिकल कॉलेज के लिए मिलेगा शॉर्टकट रास्ता।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर नगर विधायक डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल ने आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले जनपदवासियों को नकहा रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज का तोहफा दिया। उन्होंने शनिवार सुबह भूमि पूजन तथा यज्ञ हवन किया। इसके बाद फावड़ा चलाकर ओवरब्रिज निर्माण का शुभारंभ कर शिलान्यास किया।
नकहा रेलवे ओवरब्रिज बनने से फर्टिलाइजर, नौतनवा, सोनौली की ओर आवाजाही आसान होगी ही गोरखनाथ, मेडिकल कॉलेज मार्ग जाने वालों को भी आसानी होगी। अनुमान है कि इस ओवरब्रिज से प्रतिदिन बीस हजार से अधिक वाहनों का आवागमन सुगम हो जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम में फर्टिलाइजर फैक्ट्री के महाप्रबंधक सुबोध दीक्षित सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
77.17 करोड़ से बनेगा वाईशेप ओवर ब्रिज
विधायक राधामोहन दास अग्रवाल ने बताया कि 1021 मीटर लंबा नकहा रेलवे ओवरब्रिज वाई शेप में बनेगा। 77.17 करोड़ रुपये से तैयार होने वाला यह ओवरब्रिज विकास नगर से भगवानपुर के बीच फोरलेन होगा। जबकि, नकहा क्रासिंग से फर्टिलाइजर फैक्ट्री की तरफ दो लेन का होगा। ओवरब्रिज का मुख्य सेतु 50.50 मीटर, दोनों ओर के वायाडक्ट 200 और 168 मीटर चौड़े होंगे, विकास नगर की ओर की रिटेनिंग वाल138 मीटर लंबी होगी जबकि भगवानपुर की तरफ 141 मीटर और फर्टिलाइजर की तरफ 188 मीटर लंबी होगी ।
खत्म होगी जाम की समस्या
विधायक राधामोहन दास अग्रवाल ने बताया कि ओवरब्रिज बनने से नकहा क्रासिंग के साथ ही गोरखनाथ मार्ग पर जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी। नौतनवा की ओर से आने वाले भारी वाहन बरगदवा तिराहे से ओवरब्रिज होते हुए बाहर निकल जायेंगे, भारी वाहनों के अंदर नहीं आने से जाम की समस्या काफी दूर हो जाएगी। ब्रिज के बनने से पीपीगंज और गोरखनाथ की ओर से मेडिकल कॉलेज के लिए शॉर्टकट रास्ता भी तैयार हो जाएगा। इस पुल से प्रतिदिन बीस हजार से अधिक वाहनों के आवागमन होने का अनुमान है।
ओवरब्रिज निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी हुईं
नगर विधायक ने बताया कि लागत 77.1788 करोड़ रुपये है। इसमें से रेलवे भाग की लागत 13.43 करोड़ रुपये, पंहुच मार्ग की लागत 49.19 करोड़ रुपये तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग की लागत 36.36 लाख निर्धारित की गई है। भूमि अधिग्रहण के लिए 14.18 करोड़ रुपये की अग्रिम स्वीकृति करा ली गयी है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि जिला जेल बाईपास फोरलेन के लिए आवश्यक चौड़ीकरण के अलावा कम से कम अधिग्रहण किया जाये। सेतु निगम ओवर ब्रिज डेढ़ साल में पूरा करेगा।
गोरखपुर महानगर को आज एक और ओवरब्रिज प्राप्त हो गया । नगर विधायक डॉ राधामोहन दास अग्रवाल ने बरगदवा स्थित नकहा रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण हेतु भूमि-पूजन तथा यज्ञ-हवन करने के उपरांत अपने हाथों से फावड़ा चलाकर तथा शिलान्यास की ईंटें रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया।